CWG 2022, Day 3 Updates: वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने जीता गोल्ड, भारत के खाते में आया तीसरा स्वर्ण पदक
commonwealth games day 3 live updates राष्ट्रमंडल खेलों का आज तीसरा दिन है. तीसरे दिन तैराकी, बैडमिंटन, क्रिकेट, मुक्केबाजी, साइकिलिंग, टेबल टेनिस में भारत के खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे. महिला टी20 क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होगी. कॉमनवेल्थ गेम्स के दूसरे दिन भारत के खाते में 4 मेडल आये. चारो मेडल वेटलिफ्टिंग में आया. मीराबाई चानू ने 49 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीती. जबकि संकेत सरगर ने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता. भारत की बिंदियारानी देवी ने भारोत्तोलन में देश को रजत पदक दिलाया. भारत मेडल तालिका में इस समय 4 मेडल के साथ 8वें स्थान पर पहुंच गया है.
अचिंता शेउली ने जीता गोल्ड मेडल
भारत के वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है. उन्होंने कुल 313 किलोग्राम वजन उठाया. स्नैच राउंड में उन्होंने 143 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलोग्राम वजन उठाया. भारत की झोली में अब 3 गोल्ड मेडल आ चुके हैं.
श्रीहरि नटराज पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक तैराकी के फाइनल में
तरणताल पर अपना जलवा लगातार बिखेर रहे भारत के श्रीहरि नटराज ने रविवार को 22वें राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया. नटराज ने 25.38 सेकंड का समय निकाला और वह सेमीफाइनल में आठवें नंबर पर रहे. शीर्ष आठ तैराकों ने ही एक अगस्त को होने वाले फाइनल में जगह बनायी.
भारत बैडमिंटन मिश्रित टीम वर्ग के सेमीफाइनल में
गत चैम्पियन भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में मिश्रित टीम बैडमिंटन स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. भारत का सेमीफाइनल में सामना सिंगापुर से हो सकता है. अश्विनी पोनप्पा और बी सुमित रेड्डी ने जारेड एलियोट और डी जोर्डान को 21-9, 21-11 से हराया. विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने 355वीं रैंकिंग वाले काडेन काकोरा को 21-5, 21-6 से शिकस्त दी. वहीं युवा आकर्षि कश्यप ने दुनिया की 147वीं रैंकिंग वाली जोहानिता शोल्ज को 21-11, 21-16 से हराया.
पुरुष हॉकी में भारत ने घाना को हराया
अपने पहले मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार जीत दर्ज की है. भारत ने घाना को 11-0 से हरा दिया है. शुरुआत से ही भारतीय टीम लगातार दबदबा बनाकर खेल रही थी. घाना के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर पाये.
श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल के लिये किया क्वालीफाई
भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने रविवार को यहां 25.52 सेकेंड का समय निकालकर 22वें राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई किया. बेंगलुरू का यह 21 वर्षीय तैराक अपनी हीट में दूसरे और कुल आठवें स्थान पर रहा. पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 24.40 सेकेंड का है जो उन्होंने पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुई 15वीं फिना विश्व तैराकी चैम्पियनशिप के दौरान हासिल किया था.
भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में
गत चैंपियन भारत ने रविवार को यहां क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश को 3-0 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों की पुरुष टेबल टेनिस टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनायी. अचंता शरत कमल की अगुआई वाली भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में बारबडोस, सिंगापुर और उत्तरी आयरलैंड को 3-0 के समान अंतर से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था. अनुभवी शरत कमल ने इसके बाद एकल मुकाबले में मोहम्मद रिफात सिबार को हराकर भारत की बढ़त को दोगुना किया. एक अन्य एकल मैच में साथियान ने जीत दर्ज करते हुए भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए