VIDEO : नेपाल में तबाही के बाद बिहार के इन जिलों और नदियों में अलर्ट, वीडियो में जानिए अपने जिले का हाल
नेपाल के रसुवा जिले में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. भोटे कोशी नदी का जलस्तर बढ़ने से यह पानी त्रिशुली और फिर गंडक नदी में मिल रहा है, जिससे बिहार के कई जिलों में चिंता बढ़ गई है. सरकार ने अलर्ट जारी किया है.
Bihar Flood Alert: नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही मची है. तिब्बत की ओर से भोटे कोशी नदी में बड़ी मात्रा में पानी आने के बाद सुबह करीब 9 बजे अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया. बाढ़ के पानी ने तमुरी और सैफुबेसी इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है. कई गाड़ियां, सामान और एक पुल पानी में बहने की जानकारी सामने आई है. हालात को देखते हुए नेपाल के कई जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
आपके शहर में
गंडक के जलस्तर पर बढ़ी चिंता
भोटे कोशी नदी का पानी आगे बढ़कर त्रिशुली नदी में पहुंच रहा है. इसके बाद भोटे कोशी और त्रिशुली का पानी नारायणी नदी में मिलता है. यही नदी भारत में प्रवेश करने के बाद गंडक नदी के नाम से जानी जाती है. ऐसे में नेपाल में अचानक बढ़े जलस्तर का असर बिहार में गंडक नदी के जलस्तर पर पड़ सकता है.
गंडक नदी बिहार के मैदानी इलाकों से होकर गुजरती है और हाजीपुर व सोनपुर के पास गंगा नदी में मिलती है. नेपाल से आने वाले अतिरिक्त पानी को देखते हुए बिहार के कई जिलों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
पश्चिम चंपारण समेत 7 जिलों पर नजर
नेपाल से आने वाले पानी का संभावित असर पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर, सारण और वैशाली जिलों पर पड़ सकता है. इन इलाकों में गंडक नदी और इससे जुड़े क्षेत्रों की स्थिति महत्वपूर्ण होगी.
हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि बिहार में तत्काल बाढ़ आ जाएगी. बिहार में खतरे की स्थिति इस बात पर निर्भर करेगी कि नेपाल से कितना पानी नीचे की ओर आता है, इस दौरान कितनी बारिश होती है और नदी की चौड़ाई व बैराजों की स्थिति कैसी रहती है.
फिलहाल नेपाल में बाढ़ के बाद पानी त्रिशुली नदी की तरफ बढ़ चुका है. ऐसे में बिहार में गंडक नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखना जरूरी हो गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए