झारखंड : बिसरा स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन शुरू, ट्रैक पर बैठे सैकड़ों लोग, देखें PHOTOS
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 30 Oct 2023 5:03 PM
बिसरा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन ठहराव की मांग को लेकर बिसरा पब्लिक एक्शन कमेटी के बैनर तले सोमवार को बिसरा रेलवे स्टेशन पर रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया गया है. दलगत राजनीति से उपर उठकर स्थानीय लोगों की ओर से यह आंदोलन किया जा रहा है.

झारखंड-बिहार की सीमा पर अवस्थित बिसरा रेलवे स्टेशन पर सोमवार को सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने एक साथ आकर रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया. सुबह 6 बजे से इस अनिश्चितकालीन आंदोलन की शुरुआत की गयी है. जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग पर प्रभावित हो गया. आधा दर्जन एक्सप्रेस ट्रेनों के दोबारा से बिसरा रेलवे स्टेशन में ठहराव की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है.

इस आंदोलन में बिसरा के सभी राजनीतिक दलों के नेता शामिल हैं. पूर्व विधायक जार्ज तिर्की, पूर्व विधायक हालु मुंडारी, बीजद के प्रदीप राउतराय, बिसरा सरपंच सूरज नायक, वामपंथी नेता सुरेंद्र दास शामिल हैं.

आंदोलन के तहत सैकड़ों लोगों ने ट्रैक पर डेरा डाल लिया. केवल बिसरा रेलवे स्टेशन ही नहीं बिसरा शहर में भी अपनी मांगों को लेकर लोगों ने बंद का पालन किया. दुकान-बाजार बंद रखकर लोगों ने अपनी मांगों का झंडा बुलंद किया है.

कमेटी ने रेल रोको की घोषणा पहले ही कर दी थी. बिसरा रेलवे स्टेशन में ट्रेनों की ठहराव की मांग को लेकर स्थानीय स्तर पर ज्ञापन रेल अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के अलावा एक प्रतिनिधिमंडल ने चक्रधरपुर डीआरएम से मिलकर अपनी मांगों से अवगत कराया था. इसके लिए समयसीमा भी दी गयी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रगति नहीं हुई.

अंत में 30 अक्तूबर से रेलरोको करने की घोषणा की गयी. अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार कमेटी ने सोमवार को बंद का पालन किया.

आंदोलन की सूचना पाकर चक्रधरपुर मंडल कार्यालय से एसीएम वीनित कुमार बिसरा पहुंचे. वहां कमेटी के पदाधिकारियों के साथ उनकी बातचीत हुई. जिसमें रेलवे ने छह सप्ताह का समय मांगा है ताकि वह मांगों पर विचार कर फैसला कर सके. वहीं अंतिम सूचना मिलने तक कमेटी ने न्यूनतम दो एक्सप्रेस ट्रेनों को मंगलवार से बिसरा रेलवे स्टेशन में ठहराव देने की मांग की है. खबर लिखे जाने तक बातचीत चल रही है.

इस आंदोलन में शहर के सभी वर्ग के लोगों ने भाग लिया. बंद के समर्थन में बच्चे, बुजुर्ग युवा सभी आगे आए. महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं.

बता दें कोरोनाकाल से पहले बिसरा में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता था, लेकिन कोरोना के दौरान इस पर रोक लगा दी गयी थी. कोरानाकाल बीतने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा लगातार मांग करने के बावजूद ट्रेनों का ठहराव नहीं दिया गया.

इन ट्रेनों का ठहराव चाहते हैं बिसरावासी
ट्रेन नंबर 18005/06 समलेश्वरी एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 18477/78 उत्कल एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 12871/72 इस्पात एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 18109/10 इतवारी एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 18111/12 टाटा वाईपीआर वीकली एक्सप्रेस
ट्रेन नंबर 12889/90 टाटा बेंगलुरु वीकली एक्सप्रेस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










