ePaper

बालासोर रेल हादसे के बाद घायलों से भरे अस्पताल, देखें दर्दनाक तस्वीरें

Updated at : 03 Jun 2023 5:32 PM (IST)
विज्ञापन
बालासोर रेल हादसे के बाद घायलों से भरे अस्पताल, देखें दर्दनाक तस्वीरें

ओडिशा में शुक्रवार को हुए भीषण रेल हादसे के बाद बालासोर जिला अस्पताल और सोरो अस्पताल में बड़ी संख्या में घायलों को लाया गया जिससे इन अस्पतालों के कमरे भर गये और गलियारों तक में मरीजों को रखा गया है.

विज्ञापन
undefined

बालासोर. ओडिशा में शुक्रवार को हुए भीषण रेल हादसे के बाद बालासोर जिला अस्पताल और सोरो अस्पताल में बड़ी संख्या में घायलों को लाया गया जिससे इन अस्पतालों के कमरे भर गये और गलियारों तक में मरीजों को रखा गया है. चिकित्सा कर्मचारियों को घायल यात्रियों की मदद करने की कोशिश करते देखा गया, जिनमें से कई ओडिशा के अलावा अन्य राज्यों से हैं और बात करने की स्थिति में नहीं हैं. शनिवार दोपहर तक करीब 526 घायलों को बालासोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

undefined

बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल में अतिरिक्त जिला चिकित्सा अधिकारी (एडीएमओ) डॉ. मृत्युंजय मिश्रा ने कहा, ‘‘मैं कई दशकों से इस पेशे में है, लेकिन मैंने अपने पूरे करियर में इस प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति नहीं देखी…. अचानक 251 घायलों को हमारे अस्पताल लाया गया और हम इसके लिए कतई तैयार नहीं थे. हमारे कर्मियों ने रातभर काम किया और सभी को प्राथमिक उपचार मुहैया कराया.’’

undefined

उन्होंने बताया कि इनमें से 64 मरीजों को कटक स्थित एससीबी चिकित्सकीय महाविद्यालय अस्पताल रेफर किया गया और अब ‘‘हमारे अस्पताल में 60 बिस्तरों पर मरीज हैं. अन्य को मामूली ऑपरेशन के बाद छुट्टी दे दी गई.’’ मिश्रा ने कहा, ‘‘हम यह देखकर वाकई हैरान है कि बड़ी संख्या में युवा रक्तदान करने यहां पहुंचे. हमने रातभर में करीब 500 यूनिट रक्त एकत्र किया. सभी का शुक्रिया. यह जीवन में एक बार होने वाला अनुभव है. अब चीजें सामान्य हैं.’’

undefined

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग स्वेच्छा से यहां और कई अन्य अस्पतालों में रक्तदान कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि दो हजार से अधिक लोग घायलों की मदद करने के लिए रात में बालासोर चिकित्सकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचे और कई ने रक्तदान भी किया. अस्पताल के मुर्दाघर में सफेद कफन में लिपटे शवों का ढेर लगा हुआ है, जिनमें से कई की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है.

undefined

अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि हादसे के शिकार हुए कई लोगों के रिश्तेदार अभी तक शहर नहीं पहुंच पाए हैं, क्योंकि प्रमुख रेल मार्ग पर दुर्घटना के कारण कई ट्रेन को रद्द कर दिया गया है, कई के मार्ग में परिवर्तन किया गया है और कई ट्रेन देरी से चल रही हैं. बालासोर अस्पताल में भर्ती जगदेब पात्रा ने बताया कि वह चेन्नई जा रहे थे. पात्रा के दोनों हाथों की हड्डियां टूट गई हैं.

undefined

पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से आए लोग अपने लापता संबंधियों एवं मित्रों की तलाश में बालासोर अस्पताल और सोरो अस्पताल पहुंच रहे हैं. घायलों को बालासोर, सोरो, भद्रक, जाजपुर अस्पताल और कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है. कोरोमंडल एक्सप्रेस से चेन्नई जा रहे झारखंड के एक यात्री मुकेश पंडित ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उन्हें ‘समझ नहीं आया कि हादसा कब हुआ और उन्हें होश में आने के बाद एहसास हुआ कि उन्हें बहुत दर्द हो रहा है.’

undefined

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को बताया कि राहत अभियान में मदद के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर के चिकित्सकों को बालासोर और कटक रवाना किया गया है. मांडविया ने ट्वीट किया, “एम्स- भुवनेश्वर के चिकित्सकों के दो दल राहत अभियान में मदद के लिए बालासोर में ट्रेन दुर्घटनास्थल और कटक के उस अस्पताल के लिए रवाना किए गए हैं, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा है.” उन्होंने कहा, “हम कीमती जिंदगियों को बचाने के लिए इस भीषण रेल दुर्घटना के पीड़ितों को सभी आवश्यक सहायता और चिकित्सकीय मदद मुहैया करा रहे हैं.”

विज्ञापन
Aditya kumar

लेखक के बारे में

By Aditya kumar

I adore to the field of mass communication and journalism. From 2021, I have worked exclusively in Digital Media. Along with this, there is also experience of ground work for video section as a Reporter.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola