बिहार का एक और खिलाड़ी अब इंडियन क्रिकेट टीम में दिखाएगा दम, पिता चलाते थे ऑटो
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 02 Oct 2022 9:45 PM
गोपालगंज के मुकेश कुमार ने हाल में इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए टीम के बीच टेस्ट मैच में बेहतर प्रदर्शन किया था, तेज गेंदबाज मुकेश ने इस चार दिवसीय मैच में चार विकेट लिया था और सीरीज के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बन कर उभरे थे.
गोपालगंज के एक छोटे से गांव काकड़कुंड के रहने वाले मुकेश कुमार का साउथ अफ्रिका के विरुद्ध एक दिवसीय मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया में चयन हुआ है. इससे पहले बिहार से भारतीय टीम के लिए पटना के ईशान किशन का चयन हुआ था. टीम इंडिया में ऐसा पहली बार होगा जब बिहार के दो खिलाड़ी एक साथ खेलेंगे.
मुकेश कुमार ने हाल में इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए टीम के बीच टेस्ट मैच में बेहतर प्रदर्शन किया था, तेज गेंदबाज मुकेश ने इस चार दिवसीय मैच में चार विकेट लिया था और सीरीज के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बन कर उभरे थे. जिसके बाद से बीसीसीआइ की नजर मुकेश कुमार पर टिकी हुई थी. शनिवार को ईरानी ट्रॉफी के मैच में इन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ बेहतर गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए थे.
मुकेश का इंडियन क्रिकेट टीम में चयन होने से परिवार और जिला वासियों में खुशी की लहर है. मुकेश के पिता स्व काशीनाथ सिंह कोलकाता में ऑटो चलाया करते थे व उनकी माता गृहिणी हैं. मुकेश कुमार गांव में मोहल्लों के बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते-खेलते आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं. मुकेश फिलहाल बंगाल की टीम से खेलते हैं.
मुकेश कुमार पहली बार गोपालगंज में प्रतिभा की तलाश प्रतियोगिता में अपनी गेंदबाजी का दम दिखाकर चर्चा में आये. उस प्रतियोगिता में सात मैच में उन्होंने एक हैट्रिक सहित 34 विकेट लिये और तब गोपालगंज क्रिकेट टीम के सीनियर खिलाड़ी सत्य प्रकाश नरोत्तम और उस समय के हेमन ट्रॉफी के जिला क्रिकेट टीम के कप्तान अमित सिंह की नजर मुकेश पर पड़ी और वे जिला टीम में आ गये. उसके बाद स्टीयरिंग कमेटी के अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में मुकेश ने बिहार का प्रतिनिधित्व किया लेकिन दुर्भाग्य वश बिहार में क्रिकेट की मान्यता नहीं होने के कारण उन्होंने बंगाल का रुख किया और वहां से कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. मुकेश रणजी ट्रॉफी के लगातार दो सीजन में 30 से ज्यादा विकेट लेकर चयनकर्ताओं की नजर में आए और आज उनका इंडिया-ए टीम में चयन हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










