ePaper

Jharkhand Politics News: झारखंड में कांग्रेस की भारत जोड़ा यात्रा शुरू, केंद्र सरकार पर जमकर बरसे नेता

Updated at : 11 Oct 2022 8:50 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Politics News: झारखंड में कांग्रेस की भारत जोड़ा यात्रा शुरू, केंद्र सरकार पर जमकर बरसे नेता

झारखंड कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कल खूंटी से शुरू हुई, इसमें अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री रामेश्वर उरांव समेत कई बड़े नेता शामिल थे. सभी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर इसकी विधिवत शुरूआत की.

विज्ञापन

रांची: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत सोमवार को भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू से हुई. इसमें प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कार्यक्रम संयोजक सुबोधकांत सहाय, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, बादल पत्रलेख, बन्ना गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की सहित प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी शामिल हुए.

सभी ने बिरसा ओड़ाः में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारत जोड़ो यात्रा के तहत 12 किलोमीटर की पदयात्रा की विधिवत शुरुआत की. भगवान बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा को सम्मानित किया. उलिहातू से निकली पदयात्रा किताहातू मैदान तक पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को मंत्री बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख, विधायक गीता कोड़ा, पूर्व विधायक कालीचरण मुंडा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बंधु तिर्की, रमा खलखो, गुंजन सिंह, रामकृष्ण चौधरी ने भी संबोधित किया.

कई नेताओं ने औपचारिकता पूरी की : 

पदयात्रा के दौरान कांग्रेस के कई मंत्री और पदाधिकारी पदयात्रा की औपचारिकता निभाकर अपने-अपने वाहनों में सवार होकर चले गये. हालांकि कई नेताओं ने पैदल ही यात्रा पूरी की. इस दौरान मुख्य रूप से ओम प्रकाश मिश्र, रवि मिश्र, नईमुद्दीन खान, रविकांत मिश्र, संयूम अंसारी, डॉ अनिल बड़ाइक, नरेश तिर्की, सुनीता गोप सहित अन्य उपस्थित थे.

देश में नफरत का वातावरण फैला : सहाय

सुबोधकांत सहाय ने कहा कि आजादी के बाद देश में गंगा-जमुनी सभ्यता को कांग्रेस ने वर्षों तक बनाये रखी. केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आने के बाद से नफरत का वातावरण फैलने लगा है. झूठा सपना दिखाकर केंद्र में सत्तासीन हुई सरकार ने अपना वादा तक नहीं निभाया. कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश के लोगों का जीवन दूभर हो गया है. कांग्रेस देश को बचाने और एक सूत्र में पिरोने के लिए भारत जोड़ो यात्रा के तहत पदयात्रा कर रही है.

केंद्र की नीतियां देश विरोधी हैं : ठाकुर

सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देश में कमरतोड़ महंगाई ला दी है. बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बढ़ गया है. केंद्र सरकार की देश विरोधी नीतियों को देखते हुए राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा पूरे देश में चलायी जा रही है. उन्होंने बताया कि झारखंड के 24 जिलों के प्रखंड से पंचायत, पंचायत से गांव तक लोगों को भारत जोड़ो यात्रा से जोड़ा जायेगा. उन्होंने देश में बढ़ती अराजकता के प्रति लोगों को जागरूक होने की अपील की.

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola