Jharkhand Breaking News: बोकारो के जारंगडीह में कोयला व्यवसायी को गोली लगी, कथारा-फुसरो रोड जाम
Jharkhand Breaking News Live Updates: पलामू के पूर्व आईएफएस अधिकारी व्यास सिंह का शनिवार को रांची में इलाज के दौरान निधन हो गया. गुमला के देवाकी गांव में आग, एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान. गोड्डा में किशोर ने गर्लफ्रेंड को मार डाला, किसी और से बात करने से था नाराज. झारखंड में कैबिनेट की बैठक 15 मार्च को शाम 5 बजे. झारखंड की प्रीति ने नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता रजत. झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
बोकारो के जारंगडीह में कोयला व्यवसायी को लगी गोली, कथारा-फुसरो रोड जाम
जारंगडीह (बोकारो) : बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह अपर बंगला शिव मंदिर समीप शनिवार की देर रात 46 वर्षीय कोयला व्यवसायी शांति पद गोराई को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल शांति पद को तत्काल बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बोकारो रेफर कर दिया. इधर, घटना की सूचना पाकर बोकारो थर्मल, गांधीनगर और कथारा ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गयी है. वहीं, इस घटना के विरोध में लोगों ने कथारा-फुसरो मुख्य मार्ग को जामकर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की. घटना के संबंध में बताया गया कि एक बाइक में सवार तीन युवक काफी समय से आपस में ही विवाद कर रहे थे. जिसे सुनकर कई लोग वहां पहुंचे तथा तीनों को घर जाने की बात कहने पर तीनों युवक चले गए, लेकिन कुछ समय बाद फिर वापस आकर गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दिया. उसी समय शांति पद गोराई अपने आवास से बड़े भाई महादेव गोराई के घर जा रहा था. इसी बीच एक गोली उसके कमर के नीचे जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इधर, पुलिस जाम करने वालों को समझाने में जुटी है.
रांची के हटिया में सिलेंडर ब्लास्ट, आठ लोग झुलसे
रांची : राजधानी रांची के हटिया क्षेत्र में सिलेंडर फटने से आठ लोग झुलस गये. सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है. बताया गया कि अपर हटिया मुस्लिम मोहल्ला स्थित अजमेरी खातून के घर में रखा सिलेंडर ब्लास्ट कर गया. विस्फोट इतना जोरदार था कि एस्बेस्टस छत क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में आठ लोग झुलस गये. घायल सभी लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यात्रीगण कृपया ध्यान दें, रविवार को गोड्डा-सियालदह पैसेंजर ट्रेन रद्द
गोड्डा : ट्रेन संख्या (03112) गोड्डा-सियालदह पैसेंजर का परिचालन रविवार को रद्द रहेगी. यातायात नियंत्रक पवन कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल के निहट्टी में नन इंटरलॉकिंग कार्य होने के कारण रविवार को ट्रेन सियालदह नहीं जायेगी. दिनभर के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है.
गुमला में पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, आरोपी फरार
गुमला : पालकोट थाना क्षेत्र की बिलिंगबिरा पंचायत स्थित भौंराटोली गांव में गणेश सिंह (75 वर्ष) ने अपनी पत्नी मैना देवी (67 वर्ष) को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया था जिससे उसकी जान चली गयी. घटना के पीछे पति-पत्नी में आपसी विवाद बताया जा रहा है. पत्नी की हत्या करने के बाद गणेश सिंह फरार है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया. पुलिस के अनुसार, मैना देवी शुक्रवार की शाम पांच बजे बकरी चराकर घर लौटी थी. तभी पति गणेश सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गणेश ने पत्नी मैना देवी को घर में रखे कुल्हाड़ी से सिर में वार कर दिया. आनन-फानन में परिजनों द्वारा घायल मैना देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, गुमला में भरती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी.
देवघर और धनबाद सहित कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना, रहें अलर्ट
रांची : झारखंड के देवघर और धनबाद सहित बोकारो, गिरिडीह, दुमका और जामताड़ा जिले के कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन तथा वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जतायी गयी है. मौसम केंद्र, रांची ने राज्य के कुछ स्थानों पर तेज हवा चलने की संभावना भी जतायी है.
पूर्व आईएफएस अधिकारी व्यास सिंह का रांची में निधन
पलामू के पूर्व आईएफएस अधिकारी व्यास सिंह का शनिवार को रांची में इलाज के दौरान निधन हो गया. व्यास सिंह पलामू टाइगर रिजर्व के कुशल वन पदाधिकारी के रूप में देश भर में जाने जाते थे. पिछले कुछ महीनों से वह बीमार चल रहे थे. रांची में ही उनका इलाज चल रहा था. उनके पुत्र ज्योतिरीश्वर सिंह भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए