West Bengal : ईडी ने शेख शाहजहां के करीबी नेता को किया तलब, सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पूछताछ जारी

Updated:
विज्ञापन

West Bengal Breaking news live Updates

West Bengal Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

विज्ञापन

शाहजहां शेख ने कोलकाता की दुकान से खरीदा था हथियार, खरीदारी के रशीद से हुआ खुलासा

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली के शाहजहां शेख (Shahjahan Sheikh) ने कोलकाता की दुकान से कारतूस खरीदे थे. सीबीआई ने दावा किया कि शुक्रवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान भी ऐसे ही सबूत मिले थे. केंद्रीय एजेंसी के सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को संदेशखाली में तलाशी के दौरान अन्य हथियारों के साथ कई रसीदें भी मिलीं. इसमें कारतूस की खरीद की रसीद भी शामिल है.सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, रसीद में शाहजहां का ही नाम है. बताया जाता है कि कारतूस कोलकाता की एक दुकान से खरीदा गया था. क्या शाहजहां ने खुद कोलकाता आकर दुकान से कारतूस खरीदे थे या किसी और ने उसके नाम पर कोलकाता से कारतूस खरीदे थे, इसकी जांच की जा रही है.

पूर्व रेलवे : आज खुलेगी चार समर स्पेशल ट्रेन

भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए पूर्व रेलवे ने रविवार को यानी 28 अप्रैल को चार समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है. यह जानकारी पूर्व रेलवे ने एक विज्ञप्ति जारी कर दी है. पूर्व रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, कोलकाता-डिब्रूगढ़ ग्रीष्मकालीन स्पेशल (ट्रेन संख्या 05931) कोलकाता स्टेशन से रात 11.50 बजे, हावड़ा-रक्सौल समर स्पेशल (ट्रेन नंबर 05559) हावड़ा स्टेशन से रात 11.30 बजे, कोलकाता-दानापुर समर स्पेशल (ट्रेन संख्या 03201) कोलकाता स्टेशन से रात 11.40 बजे और मालदा टाउन-नयी दिल्ली समर स्पेशल (ट्रेन संख्या 03413) मालदा टाउन स्टेशन से सुबह 7.10 बजे अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगी. इन चार ट्रेनों में स्लीपर और एसी कोच की सुविधा होगी.

सीबीआई अधिकारियों ने संशोधनगार में ‘कालीघाटेर काकू’ समेत तीन आरोपियों से की पूछताछ

पश्चिम बंगाल के सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में हुई नियुक्तियों में भ्रष्टाचार व शिक्षक नियुक्ति घोटाले की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के अधिकारी गिरफ्तार सुजय कृष्ण भद्र (कालीघाटेर काकू), अयन शील और शांतनु बनर्जी से पूछताछ करने के लिए शनिवार को प्रेसीडेंसी संशोधनागार पहुंचे. गत गुरुवार को सीबीआई के अधिकारियों ने निजाम पैलेस स्थित एजेंसी के कार्यालय में कोलकाता के व्यवसायी व तृणमूल कांग्रेस के नेता संतू गांगुली (संटू) से पूछताछ की थी, जो मामले में गिरफ्तार पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ही नहीं, बल्कि अन्य गिरफ्तार आरोपियों कुंतल घोष, शांतनु, अयन और सुजय के भी करीबी माने जाते हैं.

भातार में गृहवधू की अस्वाभाविक मौत

पूर्व बर्दवान के भातार थाना क्षेत्र के चंडीपुर गांव में एक गृहवधू की अस्वाभाविक मौत हो गयी. सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गयी. मृत महिला का नाम टुकू सांतरा(41) बताया गया है. घर में एक कमरे की छत से फंदे के सहारे लटका उसका शव बरामद हुआ. पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि घरेलू कलह से तंग आकर उसने जान दी होगी. मौत की पुष्टि व पंचनामे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के वास्ते बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है. साध ही अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर जांच में जुट गयी है.

प्रचंड गर्मी से दहक रहा बंगाल

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में पिछले कुछ दिनों से लोग भीषण गर्मी (Summer) झेल रहे हैं. इस बीच पड़ोसी राज्य असम और बांग्लादेश में बवंडर की स्थिति बन रही है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार इसका असर दक्षिण बंगाल पर नहीं पड़ेगा. अगले कुछ दिनों में उत्तर बंगाल में बारिश होगी. हालांकि 3 मई तक दक्षिण बंगाल में कहीं भी बारिश की एक बूंद की भी संभावना नहीं है.

अभिषेक बनर्जी ने कसा तंज, भाजपा सरकार ने विकास के नाम पर दस वर्षो में केवल महंगाई बढ़ी है

पश्चिम बंगाल के तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के विगत दस वर्षो के शासन में केवल मंहगाई बढ़ी है. देश के आम गरीब लोगों को इस महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है. पेट्रोलियम पदार्थो से शुरू कर खाने-पीने के सामानों और अनाज का दाम चार गुणा बढ़ा है. जो केंद्र सरकार के मुखिया प्रधानमंत्री बड़ी-बड़ी बातें करते है उनके शासन में केवल कुछ चुनिंदा कारोबारी ही बढ़े है बाकी देश की आम जनता इस सरकार से त्रस्त है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Shinki Singh

लेखक के बारे में

By Shinki Singh

10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola