प्रवीण अग्रवाल हत्याकांड: अब तक नहीं हुई सभी आरोपियों की गिरफ्तारी

Published at :04 Sep 2016 12:38 AM (IST)
विज्ञापन
प्रवीण अग्रवाल हत्याकांड: अब तक नहीं हुई सभी आरोपियों की गिरफ्तारी

सिलीगुड़ी. करीब एक महीने पहले भक्तिनगर थाना अंतर्गत हैदरपाड़ा के यशोदा अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रहने वाले व्यवसायी प्रवीण अग्रवाल की हत्या के मामले में अब तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. करीब एक महीने पहले पांच अगस्त को यह घटना घटी थी. आरोप है कि मेंटेनेंस चार्ज को लेकर बुलायी […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. करीब एक महीने पहले भक्तिनगर थाना अंतर्गत हैदरपाड़ा के यशोदा अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रहने वाले व्यवसायी प्रवीण अग्रवाल की हत्या के मामले में अब तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. करीब एक महीने पहले पांच अगस्त को यह घटना घटी थी.

आरोप है कि मेंटेनेंस चार्ज को लेकर बुलायी गयी एक बैठक के दौरान कमेटी के सदस्यों के साथ प्रवीण अग्रवाल का झगड़ा हो गया था. आरोप है कि इसी दौरान प्रवीण अग्रवाल के साथ मारपीट की गई, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गये. दो दिनों तक मौत से जंग लड़ने के बाद सात अगस्त को इलाज के दौरान एक नर्सिंग होम में उनकी मौत हो गयी. इस मामले को लेकर दो मुख्य आरोपी संजय शर्मा तथा बाबूलाल शर्मा सहित पांच लोगों के खिलाफ भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी.

पुलिस ने इनमें से दोनों आरोपी संजय शर्मा तथा बाबूलाल शर्मा को तो गिरफ्तार कर लिया, लेकिन तीन अन्य आरोपी दीपक रूंगटा, अतुल शर्मा तथा उपकार सिंह अभी भी फरार हैं. इन तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से प्रवीण अग्रवाल के परिवार वालों में काफी रोष है. परिवार वालों का कहना है कि सभी आरोपी अभी भी खुलेआम घुम रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें फरार बता रही है. एक महीने के करीब बीत जाने के बाद तीन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से स्वर्गीय प्रवीण अग्रवाल की नन्हीं बेटी पलक अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इंसाफ की गुहार लगायी है. पलक ने इसका एक वीडियो भी बनाया है और उसे विभिन्न सोशल मीडिया साइट पर अपलोड कर दिया है. उसने अपने वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मदद की गुहार लगायी है. उसने अपने वीडियो में अपने पिता के नृशंस हत्या का पूरा विवरण दिया है और कहा है कि सभी पांचों आरोपियों ने उनके पिता की लोहे की रॉड और डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. पिता की इस हत्या से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. ऊपर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से परिवार के सदस्यों में भारी रोष भी है. पलक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बाकी बचे तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है.
क्या कहना है भक्तिनगर थाना पुलिस का: भक्तिनगर थाना पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि घटना के कुछ ही दिनों बाद दो मुख्य आरोपी संजय शर्मा तथा बाबूलाल शर्मा को दालखोला स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी एक अन्य आरोपी उपकार सिंह को पकड़ने की कोशिश की जा रही है और पुलिस शीघ्र ही उसे दबोच लेगी. जहां तक दो अन्य आरोपी दीपक रूंगटा तथा अतुल शर्मा का सवाल है, तो उनके खिलाफ मामले की जांच की जा रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola