आमना-सामना: वर्षो बाद मिले उत्तर बंगाल के दो राजनीतिक दिग्गज, गौतम देव व अशोक भट्टाचार्य ने की बैठक

Updated:
विज्ञापन

सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी के निकट फूलबाड़ी-कामरांगागुड़ी स्थित मिनी सचिवालय उत्तरकन्या में आज उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव एवं वाम शासन के तत्कालीन नगर विकास मंत्री अशोक भट्टाचार्य की आज ऐतिहासिक मीटिंग हुई. उत्तर बंगाल के दोनों राजनैतिक दिग्गजों की वर्षो बाद मुलाकात हुई. करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात के दौरान दोनों राजनेताओं ने राजनीति से […]

विज्ञापन
सिलीगुड़ी. सिलीगुड़ी के निकट फूलबाड़ी-कामरांगागुड़ी स्थित मिनी सचिवालय उत्तरकन्या में आज उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव एवं वाम शासन के तत्कालीन नगर विकास मंत्री अशोक भट्टाचार्य की आज ऐतिहासिक मीटिंग हुई. उत्तर बंगाल के दोनों राजनैतिक दिग्गजों की वर्षो बाद मुलाकात हुई.

करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात के दौरान दोनों राजनेताओं ने राजनीति से परे हटकर केवल सिलीगुड़ी एवं जनगण के विकास को लेकर चर्चा की. मंत्री व सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकारण (एसजेडीए) के चेयरमैन गौतम देव एवं सिलीगुड़ी नगर निगम में वाम बोर्ड के नवनियुक्त मेयर अशोक भट्टाचार्य की इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान निगम के डिप्टी मेयर रामभजन महतो, बिल्डिंग व पीडब्ल्यूडी विभाग के मेयर परिषद सदस्य (एमआईसी) मुंशी नुरूल इस्लाम, सफाई विभाग के एमआईसी मुकुल सेनगुप्ता, निगम के आयुक्त सोनम वांग्दी भुटिया, सचिव सप्तर्षि नाग, एसजेडीए की सीईओ आर बिमला के अलावा उत्तर बंगाल विकास मंत्रलय (एनबीडीडी) एवं मिनी सचिवालय उत्तरकन्या के अधिकारी भी मौजूद थे. इस ऐतिहासिक मीटिंग के दौरान मेयर ने मंत्री से कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस गठबंधन बोर्ड के दौरान शुरू किये गये परियोजनाओं को बंद न करने एवं उन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए बकाये रकम एसजेडीए से जल्द दिलवाने की अपील की. पेयजल आपूर्ति की समस्या को दूर करने के लिए तिस्ता बैरेज के अलावा गाजलडोबा में भी एक विकल्प व्यवस्था करने की मांग की. मंत्री ने कहा कि 312 करोड़ की लागत से परियोजना को जल्द शुरू किया जायेगा.

इसके लिए संबंधित मंत्रलय की ओर से केवल अमलीजामा पहनाना बाकी है. इसके अलावा महानंदा एक्शन प्लान, सिलीगुड़ी नगर निगम की नयी ऑफिस बिल्डिंग, चतुर्थ व पांचवीं महानंदा सेतु जल्द शुरू करने के लिए भी मेयर ने मंत्री से गुजारिश की. साथ ही भूकंप प्रतिरोधी बिल्डिंगों के निर्माण के लिए नये सिरे से एक प्लान बनाने एवं इसके लिए केन्द्र व राज्य सरकार से सहयोग करने की भी मांग की. डंपिंग ग्राउंड की समस्या, जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए ड्रेनेज सिस्टम, पट्टों के अलावा अन्य समस्याओं को भी दूर करने एवं निगम को सहयोग करने के लिए श्री भट्टाचार्य ने मंत्री से गुहार लगायी.

राजनीति नहीं, विकास के लिए हुई मुलाकात : अशोक
राजनीति के लिए नहीं, बल्कि सिलीगुड़ी के विकास के लिए यह महत्वपूर्ण मुलाकात हुई है. मंत्री गौतम देव के साथ करीब डेढ़ घंटे तक यह मुलाकात काफी सौहार्द एवं खुशनुमा माहौल में हुई. यह कहना है पूर्व नगर विकास मंत्री व मेयर अशोक भट्टाचार्य का. आज उत्तरकन्या में मंत्री के साथ बैठक के बाद मीडिया का सामना करते हुए श्री भट्टाचार्य ने कहा कि जनगण के हित व विकास के लिए वाम बोर्ड कभी भी राजनीति नहीं करेगी, राजनीति करने के लिए और भी बहुत जगह है. पार्टी के लिए हम राजनीति करते हैं और करेंगे, लेकिन जहां जनगण के विकास की बात होगी वहां कोई राजनीति नहीं चलेगी. सिलीगुड़ी का चहुंमुखी विकास सरकार के सहयोग के बगैर संभव नहीं. इसलिए सभी मुद्दों व समस्याओं को आपसी सहयोग के साथ सुलझाया जायेगा और शहर का विकास किया जायेगा. साथ ही श्री भट्टाचार्य ने कहा कि वह उत्तरकन्या बनने के बाद पहली बार आये हैं. इसे देख काफी गदगद हुआ हूं.
राजनीति अपनी जगह विकास अपनी जगह : गौतम
तृणमूल सरकार विकास के मुद्दों पर कभी भी राजनीति नहीं करती. जहां राजनीति की बात आती है, वहां से पार्टी पीछे भी नहीं हटती. यह कहना है उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव का. मेयर से मुलाकात के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए श्री देव ने कहा कि राजनीति अपनी जगह है और विकास अपनी जगह. ममता राज में पूरे बंगाल समेत सिलीगुड़ी का भी चहुंमुखी विकास हुआ. सिलीगुड़ी के विकास को लेकर राज्य सरकार, एनबीडीडी व एसजेडीए की ओर से कई परियोजनाओं पर काम हो रहा है. और भी कई परियोजनाओं को क्रियान्वित किया जाना बाकी है. निगम की नयी बिल्डिंग के लिए तीन वर्ष पहले ही दो करोड़ की लागत से काम शुरू हुआ था, लेकिन टेक्निकल समस्याओं के कारण काम अटका पड़ा है. इन समस्याओं को जल्द दूर कर काम शुरू किया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola