सीएए पर हंगामा : दक्षिण 24 परगना के आकरा में बवाल, दिल्ली में चार बसों में लगायी आग
Updated at : 16 Dec 2019 5:53 AM (IST)
विज्ञापन

कोलकाता/मालदा : संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राज्य में जारी विरोध प्रदर्शनों के तीसरे दिन प्रदेश के मालदा, नदिया, उत्तर 24 परगना और हावड़ा जिलों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुई हैं. मालदा में भी लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी पर विरोध जताना शुरू कर दिया है. रविवार को मालदा के हरिश्चंद्रपुर […]
विज्ञापन
कोलकाता/मालदा : संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राज्य में जारी विरोध प्रदर्शनों के तीसरे दिन प्रदेश के मालदा, नदिया, उत्तर 24 परगना और हावड़ा जिलों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुई हैं. मालदा में भी लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी पर विरोध जताना शुरू कर दिया है.
रविवार को मालदा के हरिश्चंद्रपुर थानांतर्गत भालुका रोड स्टेशन में उग्र भीड़ ने रेल पटरी पर आग लगाकर विरोध जताया. इसके अलावा आंदोलनकारियों ने ट्रेनों को निशाना बनाकर ईंट पत्थरों की बौछार की. जिसमें कई रेल यात्री जख्मी हो गये. जानकारी मिलने पर रविवार को हरिश्चंद्रपुर थाना के आइसी संजय कुमार दास के नेतृत्व में विशाल पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन में फंसे यात्रियों को स्टेशन से बाहर सुरक्षित निकाला.
स्थिति से निपटने के लिये रैफ की टीम को उतारा गया. एक आंदोलनकारी ने कहा कि केंद्र सरकार के इस काला कानून के विरोध में हो रहे आंदोलन में आम लोग शामिल हुए. इस कानून को हम लोग कतई स्वीकार नहीं करेंगे. उधर, नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जिले के वैष्णवनगर थाना क्षेत्र से आंदोलनकारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की और झड़प हुई.
उसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. थाना क्षेत्र के 18-माइल इलाके में टोल प्लाजा इलाके के एनएच-34 पर उत्तेजना व तनातनी का माहौल देखा गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार आंदोलनकारियों ने टोल प्लाजा में जबरन दाखिल होने की कोशिश की. जब पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की की घटना हुई. उसके बाद ही एएसपी (ग्रामीण) दीपक सरकार के नेतृत्व में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिये लाठीचार्ज किया. बाद में विशाल पुलिस बल ने हालात को नियंत्रित किया.
उत्तर 24 परगना के आमडांगा और नदिया के कल्याणी इलाके में प्रदर्शनकारियों ने कई प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध किया और सड़कों पर लकड़ी के कुंदे जलाये. जिले के देगंगा इलाके में दुकानों में तोड़-फोड़ करने के साथ ही टायर जलाये गये. नदिया में प्रदर्शनकारियों ने कल्याणी एक्सप्रेस हाइवे को अवरुद्ध किया और कुछ ने संशोधित कानून की प्रतियां जलायीं.
इसी तरह के विरोध प्रदर्शनों की खबर हावड़ा जिले के डोमजूर इलाके, बर्दवान और बीरभूम के कुछ हिस्सों से मिली, जहां प्रदर्शनकारियों ने रैलियां निकालीं और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस की बड़ी टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया. हालांकि, खबरों के मुताबिक, पिछले दो दिनों के उलट, हावड़ा-सियालदह और खड़गपुर खंडों पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य रही.
उधर, अफवाहों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, हावड़ा, उत्तर 24 परगना में और दक्षिण 24 परगना के कई हिस्सों में इंटनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है. तृणमूल कांग्रेस के महासचिव व राज्य के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने शांति की अपील की है और प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि संशोधित कानून राज्य में लागू नहीं होगा.
श्री चटर्जी ने कहा : हम हर किसी से शांति बनाये रखने की अपील करेंगे. हम आपको आश्वासन दे सकते हैं कि कानून राज्य में लागू नहीं किया जायेगा. वहीं, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव सायंतन बसु ने सत्तारूढ़ पार्टी पर राज्य में खराब होती कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में करने के लिए बहुत कम प्रयास करने का आरोप लगाया.
संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राज्य के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं, जहां प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशनों को आग लगाने के साथ ही सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है. संशोधित कानून से समूचे पूर्वोत्तर भारत और पश्चिम बंगाल में आक्रोश है, जहां लोगों को डर है कि यह अवैध आव्रजन की समस्या को और बढ़ा देगा.
देशभर के मुस्लिमों का मानना है कि यह देश भर में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करने का पूर्व संकेत हो सकता है. संशोधित कानून के मुताबिक, पाकिस्तान, बांगलादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना झेलनेवाले और 31 दिसंबर 2014 से पहले भारत आनेवाले गैर मुस्लिम शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता दी जायेगी.
राज्य के छह जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित
कोलकाता. राज्य में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर छह जिलों में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गयी हैं. इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार ने खासकर सोशल मीडिया पर अफवाहों और फर्जी खबरों पर रोक लगाने के लिए उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, हावड़ा, उत्तर 24 परगना में और दक्षिण 24 परगना के कई हिस्सों में इंटनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है. इंटरनेट परिसेवा उत्तर 24 परगना के बारासात व बशीरहाट सब डिवीजन में तथा दक्षिण 24 परगना के बारुइपुर व कैनिंग डिवीजन में बंद की गयी हैं.
अधिकारी ने कहा कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद कुछ सांप्रदायिक शक्तियां हिंसक प्रदर्शन कर रही हैं. दो-एक सांप्रदायिक व धार्मिक उग्रवादी संगठन विभिन्न स्थानों पर इकट्ठा होकर हंगामा करने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए राज्य में शांति व आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने राज्य के पांच जिलों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




