सिलीगुड़ी: भारत बंद को लेकर विरोधी हुए लामबंद, दिखा असर

Updated at : 11 Sep 2018 9:24 AM (IST)
विज्ञापन
सिलीगुड़ी: भारत बंद को लेकर विरोधी हुए लामबंद, दिखा असर

बंद कराने के चक्कर में 11 कांग्रेस समर्थक गिरफ्तार सिलीगुड़ी: मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के मद्देनजर भारत बंद को लेकर पूरे देश के साथ ही सिलीगुड़ी में भी विरोधी लामबंद हुए. कांग्रेस और वाम मोर्चा ने अलग-अलग तरीके से बंद में भागीदारी की. वहीं, तृणमूल कांग्रेस तथा राज्य सरकार के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री ममता […]

विज्ञापन
बंद कराने के चक्कर में 11 कांग्रेस समर्थक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी: मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के मद्देनजर भारत बंद को लेकर पूरे देश के साथ ही सिलीगुड़ी में भी विरोधी लामबंद हुए. कांग्रेस और वाम मोर्चा ने अलग-अलग तरीके से बंद में भागीदारी की. वहीं, तृणमूल कांग्रेस तथा राज्य सरकार के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सख्त निर्देश का पालन करते हुए इस बंद से भी दूरी बनाये रखी.
12 घंटा इस बंद का सिलीगुड़ी में जोरदार असर दिखायी दिया. बंद सफल बनाने के लिए कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता सुबह से ही बैंक-दुकानपाट व बड़े शॉपिंग मॉल के सामने एकजूट होकर जबरन बंद कराने का प्रयास करने लगे. सेवक रोड में जबरन बंद कराने के दौरान सिलीगुड़ी मेट्रॉपोलिटन पुलिस ने कुल 11 प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया.
इनमें से 10 प्रदर्शनकारियों को भक्तिनगर थाना और एक को सिलीगुड़ी थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया. हालांकि बाद में कुछ घंटों के बाद सबों को थाना से ही निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया.बंद के समर्थन में कांग्रेस ने रैली भी निकाली. बंद के मद्देनजर आज सिलीगुड़ी के अधिकांश मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहे.
उत्तर बंगाल की सबसे बड़ी गल्ला मंडी सिलीगुड़ी का नयाबाजार-खालपाड़ा मंडी में दिनपर सन्नाटा पसरा रहा. वहीं, उत्तर बंगाल में कच्चे मालों की सबसे बड़ी मंडी मल्लागुड़ी स्थित सिलीगुड़ी रेगुलेटेड मार्केट के अलावा हार्डवेयर-इलेक्ट्रिकल्स, स्नेटशनीरी, फर्नीचर का सबसे बड़ा बाजार सेवक रोड, चर्च रोड भी पूरी तरह सूनसान रहा.
आज सिलीगुड़ी व आस-पास के इलाकों के गली-मुहल्लों के भी अधिकांश बाजार पूरी तरह बंद रहे. कहीं-कहीं इक्का-दुक्का दुकान व गुमटियां ही खुली दिखी.
दूसरी ओर अधिकांश सरकारी व गैर-सरकारी बैंक व कॉन्वेंट स्कूलें बंद रही. हालांकि सिलीगुड़ी का मुख्य डाकघर व कुछ सरकारी बैंक व सभी सरकारी स्कूलें दिनभर खुली रही. सिलीगुड़ी नगर निगम, सिलीगुड़ी महकमा कार्यालय, एसजेडीए, रजिस्ट्री ऑफिस समेत सभी सरकारी दफ्तरों में दिनभर कामकाज हुआ.
सिलीगुड़ी में बंद का व्यापक असर: कांग्रेस
मोदी सरकार का सबसे बड़ा राफेल घोटाला, पेट्रोल-डीजल व रसौई गैस के कीमतों में बेतहाशा वृद्धि समेत अन्य कई जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध आज भारत बंद का सिलीगुड़ी में भी व्यापक असर रहा है
यह कहना है ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव सह बंगाल प्रभारी बीपी सिंह का. वह आज बंद के समर्थन में दार्जिलिंग जिला इकाई कांग्रेस के बैनर तले निकाली गयी महारैली की अगुवायी कर रहे थे.
महारैली स्थानीय बाघाजतिन पार्क से शुरु हुई, जो कचहरी रोड, हाशमी चौक, हिलकार्ट रोड, सेवक मोड़, सेवक रोड, पानीटंकी मोड़, विधान रोड होते हुए हाशमी चौक में जिला पार्टी मुख्यालय विधान भवन के सामने पहुंचकर पथ सभा में तब्दील हो गयी. सभा को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि राफेल घोटाला कर मोदी सरकार ने राष्ट्र की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है जिसे देश की जनता कदापी बर्दाश्त नहीं कर सकती.
वहीं, लगातार पेट्रोलियम पदार्थों व ईंधन के दामों में बढ़ोत्तरी कर मोदी सरकार आम इंसान के मुंह से निवाला छिन रही है. पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ोत्तरी से हर जरुरी सामानों के कीमतों में भी काफी इजाफा हुआ है. मंहगाई आसमान छू रही है. लोगों का जीना मुहाल हो गया है. वहीं, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा के विधायक सह दार्जिलिंग जिला कांग्रेस के अध्यक्ष शंकर मालाकार ने कहा कि मोदी सरकार झूठे वादों की फेहरिस्त पर खड़ी है.
कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन
पथसभा से पहले कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधि दल मल्लागुड़ी स्थित विवेकानंद भवन में सिलीगुड़ी महकमा दफ्तर एसडीओ सिराज दानेश्वर के मार्फत सात सूत्री मांगों का एक ज्ञापन राष्ट्रपति के पास भी भेजा गया.
इस ज्ञापन में मोदी सरकारी की तथाकथित राफेल घोटाल व अन्य जन विरोधी नीतियों को विस्तृत रुप से उल्लेख किया गया है. कांग्रेस के आज के महारैली व पथ सभा में दार्जिलिंग जिला कमेटी के महासचिव जीवन मजूमदार, मोहन शर्मा, तपन पाइन, इंटक नेता आलोक चक्रवर्ती, हाजी मुमताज हुसैन, सरताज हुसैन, सीखा राय, सेवादल के अध्यक्ष विवेक सिंह, महेंदी हुसैन, शेख मुख्तार, छात्र परिषद के दार्जिलिंग जिला के अध्यक्ष शहनवाज हुसैन समेत भारी तादाद में कांग्रेसी शिरकत किये.
वाहनों की रफ्तार पर असर नहीं
पेट्रोल-डीजल व रसौई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ आज विरोधियों ने देश भर में बंद का आह्वान किया था. लेकिन सिलीगुड़ी में वाहनों के रफ्तार में ही ब्रेक नहीं लगी. सिलीगुड़ी के सड़कों पर दिनभर ही हर तरह के वाहन दौड़ते रहे.
टू-व्हिलर (बाइक-स्कूटी), फोर-व्हिलर (कार व अन्य), सिटी ऑटो, टोटो, रिक्शा-वैन आदि सुबह से ही चलते रहे. लेकिन सिलीगुड़ी के बागराकोट-कचहरी रोड से माटीगाड़ा, फांसीदेवा, चटहाट, बागडोगरा, नक्सलबाड़ी, खोरीबाड़ी रुट पर गैर-सरकारी मिनी बसों का परिचालन पूरी तरह बंद रहा. हालांकि सरकारी बसें इन रुटों पर दिनभर सरपट दौड़ती रही.
शांति व्यवस्था बनाये रखने को सुरक्षा के तगड़े इंतजाम
बंद के मद्देनजर सिलीगुड़ी शहर में शांति-सुरक्षा के लिए सिलीगुड़ी मेट्रॉपोलिटन पुलिस ने सुरक्षा का तगड़ा इंतजाम किया था. शहर के हाशमी चौक, पानीटंकी मोड़, चेकपोस्ट, सेवक मोड़, एयरव्यू मोड़, सिलीगुड़ी जंक्शन, दार्जिलिंग मोड़, माटीगाड़ा के खपरैल मोड़, एयरपोर्ट मोड़, बिहार मोड़ जैसे मुख्य चौक-चौराहे व मुख्य सड़कों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात की गयी थी. इसके अलावा भी सड़कों पर पुलिस गश्ती बढ़ा दी गयी थी.
प्रदर्शन के दौरान बदमाशों द्वारा मचाये जानेवाले भगदड़ से निबटने के लिए पुलिस ने हाशमी चौक पर वज्र नामक वाटर टैंक वाहन भी सुबह से ही मुश्तैद कर दिया गया था. सिलीगुड़ी में सुरक्षा की कमान एसीपी अचिंत दासगुप्त, सिलीगुड़ी थाना के इंस्पेक्टर देवाशीष बोस, महिला थाना की इंस्पेक्टर मुमताज बेगम, खालपाड़ा नगर पुलिस चौकी के प्रभारी सुबल दत्ता ने संभाल रखी थी.
वहीं, पुलिस की खुफिया विंग स्पेशल ब्रांच व आइबी के पुलिस कर्मचारी भी सादी वर्दी में दिनभर हर राजनैतिक गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और पल-पल की खबर अपने आलाधिकारियों को मौके से ही सूचित कर रहे थे. पुलिस कमिश्नर डॉ भरत लाल मीणा भी मल्लागुड़ी के पुलिस लाइन स्थित हेडक्वार्टर से ही पूरे शहर पर नजर गड़ाये हुए थे.
कॉमरेडो ने भी बुलंद की आवाज
12 घंटा भारत बंद के समर्थन में आज वाम मोर्चा के सभी घटक दलों के साथ ही नक्ससी संगठन भाकपा (माले) से भी जुड़े कॉमरेडों ने संयुक्त रुप से आवाज बुलंद किया. वाम मोर्चा (वामो) के बैनर तले स्थानीय बाघाजतिन पार्क से सिलीगुड़ी के विधायक सह मेयर अशोक भट्टाचार्य, वामो के दार्जिलिंग जिला संयोजक जीवेश सरकार, भाकपा (माले) के दार्जिलिंग जिला के सचिव सह केंद्रीय कमेटी के प्रवक्ता अभिजीत मजुमदार, आरएसपी के तापस गोस्वामी, फारवर्ड ब्लॉक के अनिमेष बनर्जी व अन्य वरिष्ठ कॉमरेड नेताओं के अगुवायी में यह महाजुलूस शुरु की गयी. यह महाजुलूस कचहरी रोड, अस्पताल मोड़, हाशमी चौक, हिलकार्ट रोड, सेवक मोड़, एयरव्यू मोड़ होते हुए जिला पार्टी मुख्यालय अनिल विश्वास भवन के सामने पहुंचकर समाप्त हुआ.
इस मौके पर शहरवासियों को संबोधित करते हुए अशोक भट्टाचार्य ने आज के बंद को आम जनता के हितों की रक्षा के लिए किया गया आम हड़ताल करार दिया. वहीं, जीवेश सरकार व अभिजीत मजूमदार ने इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए शहरवासियों को धन्यवाद दिया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola