बंगाल में तृणमूल नेता के पति की संदिग्ध हालात में मौत, रात में हुई थी गिरफ्तार, सुबह अस्पताल में मिला शव
बिरजू केवट
उत्तर 24 परगना में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ तृणमूल पार्षद के पति की पुलिस लॉकअप में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिवार ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है.
बैरकपुर से मनोरंजन सिंह की रिपोर्ट
उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा नगरपालिका के 23 नंबर वार्ड की पूर्व तृणमूल पार्षद के पति की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में हुई पिटाई से संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. इस घटना से हड़कंप मच गया है. मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि शुक्रवार रात पुलिस गिरफ्तार कर ले गई और सुबह उसकी तबियत कैसी बिगड़ गई, पुलिस लॉकअप में उसे बुरी तरह पीटा गया है, जिससे उसकी मौत हुई है. पूर्व पार्षद जेनी शर्मा के समर्थक अस्पताल और थाने पहुंच गये. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है.
पुलिस लॉकअप में पिटाई का आरोप
जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम बिरजू केवट है, उनकी पत्नी कांचरापाड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 23 की पूर्व तृणमूल पार्षद जेनी शर्मा केवट है. बिरजू केवट को हालीशहर थाने की पुलिस एक मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर ले गई थी, उन्हें थाना लॉकअप में रखा गया था. मृतक की पत्नी का कहना है कि वह रात में जाकर अपने पति से मिलकर आई थी, वह ठीक थे, फिर सुबह कैसे मौत की खबर आई, उनका आरोप है कि पुलिस ने लॉकअप में उनकी पिटाई की है, जिससे मौत हुई है.
सुबह हाजत में अचेत अवस्था में मिला
पुलिस के अनुसार, बिरजू केवट को हालीशहर थाने की पुलिस ने कई संगीन आरोपों के तहत गिरफ्तार कर लॉकअप में रखा गया था. शनिवार तड़के करीब 4 बजे पुलिसकर्मियों ने गश्त के दौरान उन्हें लॉकअप में बीमार और अचेत अवस्था में पाया. पुलिस ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए कल्याणी स्थित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. इधर तृणमूल नेता अमित गुप्ता ने भी पुलिस पर आरोप लगाया है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हार्ट अटैक बताया जा रहा मौत का कारण
प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है. हालांकि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस मामले में हालीशहर थाने की पुलिस ने एक अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पायेगा. साथ ही लॉकअप में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है. इस घटना की खबर मिलते ही कांचरापाड़ा में तनाव का माहौल बन गया.
Also Read: बंगाल में होगी जाति प्रमाणपत्रों की जांच, अब तक 45,000 लोग संदिग्ध सूची में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










