कविगुरु की तस्वीर जलाने के विरोध में शुभेंदु ने किया प्रदर्शन

तृणमूल कांग्रेस के छात्र संगठन टीएमसीपी पर कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर जलाने का आरोप लगने के बाद सोमवार को भाजपा ने इस घटना के विरोध में महानगर की सड़कों पर प्रदर्शन किया.
भाजपा का टीएमसीपी पर आरोप रवींद्र सदन के पास रोका गया
संवाददाता, कोलकातातृणमूल कांग्रेस के छात्र संगठन टीएमसीपी पर कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर जलाने का आरोप लगने के बाद सोमवार को भाजपा ने इस घटना के विरोध में महानगर की सड़कों पर प्रदर्शन किया. विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में आइसीसीआर से रवींद्र सदन तक एक रैली निकाली गयी. रैली के बाद जब शुभेंदु अधिकारी और अन्य प्रदर्शनकारी रवींद्र सदन परिसर के अंदर रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की कोशिश कर रहे थे, तो उन्हें रोक दिया गया. इसे लेकर शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “राज्य में हर जगह तालाबंदी है.उद्योग में तालाबंदी, सरकारी कार्यालयों के गेट पर तालाबंदी. विपक्षी नेताओं को कहीं भी प्रवेश करने का अधिकार नहीं है. ” अधिकारी ने आरोप लगाया कि टीएमसीपी कार्यकर्ताओं ने रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर जलाकर यह दिखा दिया है कि वे बांग्ला संस्कृति और बांग्ला भाषियों का कितना सम्मान करते हैं. उन्होंने सवाल उठाया, “क्या यह सीएम की पुश्तैनी संपत्ति है? ” उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने पद्मश्री नारायण चक्रवर्ती, प्रोफेसर पुलक नारायण धर और अभिनेता रुद्रनील घोष को भी परिसर में प्रवेश करने से रोका.
हाल ही में भारतीय सेना ने मेयो रोड स्थित तृणमूल कांग्रेस के धरना मंच को हटा दिया था. इस कार्रवाई के विरोध में टीएमसीपी ने राज्यभर में प्रदर्शन किया. इसी दौरान मालदा के चांचल कॉलेज में हुए प्रदर्शन में केंद्रीय गृह मंत्री समेत कई लोगों की तस्वीरें जलायी गयीं. भाजपा का आरोप है कि जलाई गयी तस्वीरों में रवींद्रनाथ टैगोर की भी एक तस्वीर शामिल थी. इस घटना के बाद से प्रदेश भाजपा लगातार सत्तारूढ़ पार्टी पर हमलावर है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




