ePaper

कूचबिहार : शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हुआ हमला, गाड़ी का शीशा तोड़ा

Updated at : 06 Aug 2025 1:24 AM (IST)
विज्ञापन
कूचबिहार : शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हुआ हमला, गाड़ी का शीशा तोड़ा

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर कूचबिहार जिले के खागराबाड़ी इलाके में मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला किया.

विज्ञापन

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

संवाददाता, कोलकाता/कूचबिहार

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर कूचबिहार जिले के खागराबाड़ी इलाके में मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला किया. बताया गया है कि जिस वाहन में शुभेंदु अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक बैठे हुए थे, उसके बुलेटप्रूफ शीशे तोड़ दिये गये. साथ ही काफिले में शामिल एक पुलिस वाहन की खिड़की के शीशे भी हमले में टूट गये. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गौरतलब है कि कूचबिहार में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के बाहर भाजपा की एक रैली और प्रदर्शन का नेतृत्व करने तथा एसपी को ज्ञापन सौंपने के लिए शुभेंदु अधिकारी उत्तर बंगाल जिले की यात्रा पर आये थे. भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले में पार्टी विधायकों पर हाल में हुए हमलों के विरोध में कूचबिहार एसपी कार्यालय का घेराव करने की योजना बनायी थी.

तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से ‘भाजपा शासित राज्यों में बांग्लाभाषी लोगों के उत्पीड़न’ और ‘बंगाल में पिछले दरवाजे से राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को लागू करने के प्रयास’ का विरोध करने के लिए 19 स्थानों पर एक साथ धरना-प्रदर्शन किया. इनमें से अधिकतर स्थान उस मार्ग पर स्थित थे जहां से अधिकारी का काफिला गुजरने वाला था. शुभेंदु अधिकारी को घोक्साडांगा क्षेत्र के पास ‘वापस जाओ’ और ‘चोर’ जैसे नारों का सामना करना पड़ा. रास्ते में काले झंडे दिखाये गये.

भाजपा नेताओं के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के झंडे और काले झंडे लिए टीएमसी कार्यकर्ताओं की भीड़ दोपहर करीब साढ़े 12 बजे खगराबाड़ी चौराहे पर जमा हो गयी. उसी वक्त शुभेंदु अधिकारी का काफिला इलाके से गुजर रहा था.

केंद्रीय गृह मंत्री ने शुभेंदु अधिकारी पर हमले की घटना की ली जानकारी

कूचबिहार में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमले की घटना के बाद गृह मंत्रालय ने फोन कर पूरी जानकारी ली. कूचबिहार में हुए हमले की जानकारी मिलने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व सांसद निशीथ प्रमाणिक को फोन किया. इसके बाद शुभेंदु अधिकारी को भी गृह मंत्रालय से फोन आया. शुभेंदु अधिकारी ने गृह मंत्रालय के अधिकारियों से हमले के बारे में पूरी जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्रालय भी शुभेंदु अधिकारी पर इस तरह के हमले को लेकर चिंतित है. बताया गया है कि जरूरत पड़ने पर शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा और भी बढ़ायी जा सकती है. पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने राज्य के मंत्री पर बोला हमलापूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने आरोप लगाया कि हमले का नेतृत्व उत्तर बंगाल विकास विभाग के मंत्री उदयन गुहा ने किया था. श्री प्रमाणिक ने दावा किया, ‘ उदयन गुहा एक स्थानीय धार्मिक संस्थान में मौजूद थे और उन्होंने भीड़ को हमले को अंजाम देने का निर्देश दिया. यह हमारी जान लेने का प्रयास था.’ उन्होंने कहा कि यह एक स्पष्ट संकेत है कि तृणमूल कांग्रेस तेजी से कूचबिहार में समर्थन खो रही है. उन्होंने 2024 के आम चुनाव को जीतने के लिए वोट में हेरफेर किया था. लेकिन 2026 के राज्य विधानसभा चुनाव में उनका सफाया कर दिया जायेगा.

तृणमूल कांग्रेस ने घटना को बताया ‘सुनियोजित नाटक’

तृणमूल कांग्रेस ने पूरी घटना को सुनियोजित नाटक करार दिया है. तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि इसमें टीएमसी का कोई भी कार्यकर्ता शामिल नहीं था और यह हमला ‘भाजपा के आंतरिक कलह का नतीजा’ है. पूर्व सांसद और तृणमूल के कूचबिहार जिले के अध्यक्ष पार्थ प्रतीम राय ने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया. लेकिन भाजपा नेताओं पर कोई हमला नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने आंतरिक समर्थन जुटाने और मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए इस हिंसा को गढ़ा. अभी इस बात की पुष्टि की जानी बाकी है कि क्या इस घटना में कोई घायल हुआ है या नहीं. उत्तर बंगाल विकास विभाग के मंत्री उदयन गुहा ने कहा कि बांग्ला भाषा का अपमान करने वालों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं है. हमारे लोग काले झंडे दिखायेंगे. बांग्ला भाषा का अपमान करने वाले जहां भी जायेंगे, हमारे कार्यकर्ता विरोध करेंगे.

बोले शुभेंदु अधिकारी-अगर मैं बुलेटप्रूफ गाड़ी में नहीं होता तो अब तक मुर्दाघर में पड़ा रहता

इस हमले की घटना के बाद विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा: अगर मैं बुलेटप्रूफ गाड़ी में न होता तो अब तक मुर्दाघर में पड़ा रहता. श्री अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस रोहिंग्याओं को लेकर आयी थे, जो क्षेत्र में घुसपैठ कर आये थे और उनके जरिये उन पर हमला करवाया. उन्होंने दावा किया, ‘जिस कार से मैं जा रहा था उसे उन्होंने ‘रॉड’ और लाठी-डंडों से तोड़ने की कोशिश की. असफल होने के बाद उन्होंने भारी पत्थरों से वार कर कार के बुलेटप्रूफ शीशे को तोड़ दिया.’ उन्होंने कहा कि वह बुलेटप्रूफ वाहन के कारण ही आज जीवित हैं. भाजपा नेता ने कहा कि वह कानून-व्यवस्था की विफलता को लेकर संबंधित पुलिस अधीक्षक (एसपी) के खिलाफ पूरी कानूनी ताकत के साथ कार्रवाई करेंगे. श्री अधिकारी ने कहा: मैंने यहां आने से पहले पुलिस और प्रशासन को सूचित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए थे, क्योंकि इस कार्यक्रम को उच्च न्यायालय की मंजूरी मिली है और और मुझे आशंका थी कि ऐसा कुछ हो सकता है. अब एसपी परिणाम का सामना करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola