ePaper

अमेरिकी नागरिकों से करते थे ठगी, पुलिस ने 10 को किया गिरफ्तार

Updated at : 18 Sep 2025 1:39 AM (IST)
विज्ञापन
अमेरिकी नागरिकों से करते थे ठगी, पुलिस ने 10 को किया गिरफ्तार

कोलकाता पुलिस के साइबर क्राइम थाने की टीम ने कॉल सेंटर के नाम पर जालसाजी का पर्दाफाश कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

संवाददाता, कोलकाता

कोलकाता पुलिस के साइबर क्राइम थाने की टीम ने कॉल सेंटर के नाम पर जालसाजी का पर्दाफाश कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. छापेमारी कर गिरोह के सरगना जावेद अहमद को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरोह के सदस्य अमेरिकी नागरिकों को कॉल कर खुद को प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनी का अधिकारी बताते थे. उन्हें अपनी बातों में उलझाकर उनसे मोटी रकम ठग लेते थे. इस जानकारी के बाद कोलकाता पुलिस की टीम ने मंगलवार देर रात छापेमारी कर गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया. इनके कब्जे से 10.12 लाख रुपये नकद , 10 मोबाइल फोन, दो कीमती कार, लैपटॉप, 25 लाख रुपये से ज्यादा के सोने के जेवरात जब्त किये गये हैं. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश शुरू कर दी है.

कैसे हुई गिरफ्तारी: पुलिस के मुताबिक, उन्हें शिकायत मिली थी कि कोलकाता के कुछ इलाकों में एक गिरोह अवैध कॉल सेंटर खोल कर अमेरिकी नागरिकों को फोन कर उन्हें ठगी का शिकार बना रहा है. इस जानकारी के बाद पुलिस ने कोलकाता में अलग-अलग जगहों पर मंगलवार रात को छापेमारी की. जांचकर्ताओं ने इस दौरान उल्टाडांगा इलाके में स्थित एक फ्लैट से 10 लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार लोगों के पास से 10 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप, एक राउटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किये गये. उनसे पूछताछ कर इंटाली इलाके में दूसरे फ्लैट के बारे में जानकारी मिली.

फ्लैट को बना दिया था मिनी बैंक, लॉकरों में भरा था सोना और नोटों की गड्डियां: पुलिस सूत्र बताते हैं कि इंटाली इलाके में एक फ्लैट पर भी छापामारी की गयी. इस दौरान फ्लैट के भीतर प्रवेश करने पर पुलिस चौंक गयी. भीतर मिनी बैंक की तरह कई लॉकर बनाये गये थे. जिस लॉकर को भी खोला जाता, उनमें नोटों की गड्डियां और सोने के जेवरात मिलते. छापामारी में उक्त फ्लैट के लॉकर से 10 लाख 12 हजार रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये के सोने के जेवरात मिले. पैसों का हिसाब-किताब और फर्जी कॉल सेंटर चलाने से जुड़ी जानकारी वाली तीन डायरी भी मिलीं. मौके से 10 विदेशी कंपनियों की घड़ियां भी जब्त की गयी हैं. पुलिस का कहना है कि जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल है. आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने सभी को 24 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola