मंगलाहाट से फर्जी वीडियो बनाकर मध्य प्रदेश के कपड़ा व्यवसायी से ठगी

सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो बनाकर कपड़ा व्यवसायियों से करोड़ों की ठगी करने का एक मामला सामने आया है.
धोखाधड़ी. कपड़ों को बेहद सस्ते में बेचे जाने का वीडियो बनाया
आरोपी एक यू ट्यूबर के साथ शॉप ब्लॉगर भी
पहले भी कई व्यवसायियों को लगा चुका है चूना
संवाददाता, हावड़ा सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो बनाकर कपड़ा व्यवसायियों से करोड़ों की ठगी करने का एक मामला सामने आया है. इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब मध्य प्रदेश के जबलपुर का रहने वाला कपड़ा व्यवसायी इसके चंगुल में फंस गया. पी़डित ने घटना की शिकायत साइबर थाने में दर्ज करायी है. आरोपी का नाम मिराज खान है. वह टिकियापाड़ा का रहने वाला है. मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उसे पकड़ने के लिए मंगलाहाट पहुंची, लेकिन वह पुलिस को चकमा देने में सफल रहा और वहां से भाग गया.क्या है मामला: जानकारी के अनुसार, आरोपी मिराज खान एक यू ट्यूबर और शॉप ब्लॉगर है. उसने मंगलाहाट में अकबर ड्रेस सप्लायर नामक एक स्टॉल से महंगे ब्रांडेड कपड़ों को बेहद कम दाम में बेचे जाने का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. वीडियो में उसने बताया था कि डेढ़-दो हजार रुपये की जींस सिर्फ 80 रुपये में, ढाई हजार रुपये की टी-शर्ट सिर्फ 50 रुपये में और महिलाओं के लिए डेढ़ हजार से पांच हजार रुपये के ब्रांडेड कपड़े सिर्फ 100 और 150 रुपये में मिल रहे हैं. वीडियो पर मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले विजय दुबे की नजर पर पड़ी. उसने यू ट्यूबर से संपर्क साधा. पीड़ित के अनुसार, मिराज ने उसे महंगे कपड़े बेहद कम दामों में बेचे जाने की बात बतायी और हावड़ा आने के लिए कहा. कपड़ा व्यवसायी हावड़ा पहुंचा. मिराज ने उसके ठहरने की व्यवस्था एक होटल में कर दी. यहां से मिराज उसे लेकर मंगलाहाट पहुंचा. वहां व्यवसायी ने उक्त स्टाल से 50 हजार रुपये के कपड़े लिये. कपड़ों की डिलीवरी के लिए दो हजार भी दिये. विश्वास हासिल करने के लिए कपड़ों की उसके सामने ही पैकेजिंग की गयी. कपड़ों की पैकेजिंग के बाद व्यवसायी होटल में चला आया, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद कपड़ों की डिलीवरी नहीं हुई. इसके बाद उसने मिराज को फोन किया. व्यवसायी ने बताया कि फोन करने पर मिराज ने उसे जान से मारने की धमकी दी और हावड़ा से चले जाने के लिए कहा. इसके बाद व्यवसायी को समझने में देर नहीं हुई. वह साइबर थाने पहुंचा और घटना की शिकायत थाने में दर्ज करायी. पुलिस मिराज के मोबाइल फोन को ट्रैक करके उसे ढूंढ रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




