टक्कर के बाद डंपर और कंटेनर में लगी भीषण आग
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 20 Oct 2025 1:40 AM
दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक और खलासी मौके से फरार हो गये.
खड़गपुर. पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबंग थाना क्षेत्र के नीला बाजार बस स्टैंड इलाके में रविवार देर रात एक डंपर और कंटेनर के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गयी. पास में खड़ी एक अन्य गाड़ी भी आग की लपटों की चपेट में आ गयी. देखते ही देखते इलाके में दहशत फैल गयी. इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक और खलासी मौके से फरार हो गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर पटाशपुर से तेमाथानी की ओर जा रहा था. तेज रफ्तार में होने के कारण वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गयी. आग की चपेट में आने से पास से गुजर रहे बिजली के तार भी टूटकर गिर पड़े. इलाके में धुआं फैल जाने से लोग घरों से बाहर निकल आये और आसपास अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और स्थिति सामान्य की. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










