शहीद मीनार मैदान में लग गया पटाखा बाजार
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 16 Oct 2025 1:14 AM
शहीद मीनार पटाखा बाजार के स्टॉल नंबर 102 में पटाखा विक्रेता शेख राजा ने बताया कि अदालत एवं पुलिस के निर्देश को मानकर पटाखा बाजार में सिर्फ ग्रीन पटाखे ही बेचे जा रहे हैं.
बच्चों की रुचि के मद्देनजर पटाखा बाजार में 75 तरह के नये पटाखे आये
बच्चों को बेहद पसंद आ रहे हैं बटरफ्लाई एवं पिकॉक पटाखे
कोलकाता. कालीपूजा में बस अब कुछ ही दिनों का समय शेष बचा है. इसके पहले शहर के विभिन्न मार्केट की तरह शहीद मीनार मैदान में लगने वाला पटाखा बाजार बुधवार को शुरू हो गया. पहले ही दिन पटाखों को खरीदने के लिए ग्राहकों में उत्सुकता देखी गयी. शहीद मीनार पटाखा बाजार के स्टॉल नंबर 102 में पटाखा विक्रेता शेख राजा ने बताया कि अदालत एवं पुलिस के निर्देश को मानकर पटाखा बाजार में सिर्फ ग्रीन पटाखे ही बेचे जा रहे हैं. शेख राजा ने बताया कि इस वर्ष बच्चों में ग्रीन पटाखों के प्रति बेहद ज्यादा रूचि को ध्यान में रखकर पटाखा बाजार में कुल मिलाकर 75 तरह के बिल्कुल नये ग्रीन पटाखे लाये गये हैं. इसके अलावा अन्य ग्रीन पटाखे भी इसके साथ मौजूद हैं. इस वर्ष नये पटाखों में रावण एवं लायन किंग पटाखों की मांग काफी ज्यादा है, क्योंकि रावण पटाखे को फोड़ने पर रंग बिरंगी सिर की 10 आकृति बन जाती है. इसके साथ ही लायन किंग पटाखे भी बेहद खास हैं. बच्चों में इस वर्ष बटरफ्लाई एवं पिकॉक पटाखों की भी भारी मांग है. इसके साथ ही अन्य तरह के पटाखों को भी उनके अभिभावक काफी पसंद कर रहे हैं. इधर, पटाखा खरीदने आयी आठ वर्षीय पायल साव ने बताया कि पटाखा बाजार में हर वर्ष तरह-तरह के नये पटाखे खरीदने को मिलते हैं. इसके कारण वह अपने पापा के साथ हर वर्ष यहां मन पसंद पटाखा खरीदने आती है. एक अभिभावक ने कहा कि यहां सरकार के नियमों को मानकर पटाखा बेचे जाते हैं. इसके कारण ही चिंता मुक्त होकर वे यहां पटाखे खरीदने हर वर्ष आते हैं.
गौरतलब है कि इस वर्ष शहीद मीनार पटाखा बाजार में 37 स्टॉल्स लगाये गये हैं. जो आगामी 21 अक्तूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से देर रात तक खुले रहेंगे. इस मार्केट में सभी सरकारी दिशानिर्देशों को ध्यान में रखकर ग्रीन पटाखे बेचे जा रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










