महानगर में डेंगू-मलेरिया का प्रकोप, पूजा कमेटियों को किया गया सतर्क

Updated:
विज्ञापन
महानगर में डेंगू-मलेरिया का प्रकोप, पूजा कमेटियों को किया गया सतर्क

केएमसी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से अब तक 300 लोग डेंगू और 1156 लोग मलेरिया से संक्रमित हुए हैं. निगम ने आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए सभी पूजा कमेटियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

विज्ञापन

संवाददाता, कोलकाता

महानगर में डेंगू के साथ मलेरिया भी धीरे-धीरे पैर पसार रहा है. हालात को देखते हुए सोमवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में एक अहम बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता डिप्टी मेयर और स्वास्थ्य विभाग के एमएमआइसी अतिन घोष ने की. केएमसी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से अब तक 300 लोग डेंगू और 1156 लोग मलेरिया से संक्रमित हुए हैं. निगम ने आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए सभी पूजा कमेटियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है. साथ ही निगम की टीमें पूजा पंडालों का निरीक्षण करेंगी. फोरम फॉर दुर्गोत्सव के माध्यम से प्रत्येक कमेटी को पत्र भेजा जायेगा. अतिन घोष ने बताया कि निगम की टीम वार्ड स्तर पर पंडालों पर नजर रखेगी और कमेटियों को निर्देश दिये गये हैं कि मंडपों में लगाये गये बांसों की गांठों को ढक कर रखा जाए, क्योंकि इनमें पानी जमने से डेंगू फैलाने वाले मच्छर पनप सकते हैं.

बारिश से बढ़ा खतरा : डिप्टी मेयर ने कहा कि इस साल शहर में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है. पिछले वर्ष जहां 1100.66 मिमी बारिश हुई थी, वहीं इस बार अब तक 1316.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है. यह परिस्थिति डेंगू व मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के लिए अनुकूल है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ष 10 अगस्त तक डेंगू के 290 मामले दर्ज हुए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 255 और 2023 में 672 मामले सामने आये थे. इसी तरह, मलेरिया के इस वर्ष 10 अगस्त तक 1156 मामले मिले, जबकि 2024 में 1358 और 2023 में 2888 लोग संक्रमित हुए थे. अतिन घोष ने कहा कि कोलकाता में डेंगू अभी नियंत्रण में है. हालांकि अब तक डेंगू से दो लोगों की मौत हुई है. दोनों की डेथ ऑडिट रिपोर्ट राज्य स्वास्थ्य विभाग तैयार कर रहा है. एक मृतक की उम्र 75 वर्ष से अधिक थी और दूसरे को देर से अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Akhilesh Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Akhilesh Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola