सुतंद्रा की मौत के मामले में हाइकोर्ट ने तलब की केस डायरी

कलकत्ता हाइकोर्ट ने चंदननगर की नृत्यशिल्पी सुतंद्रा चट्टोपाध्याय की सड़क दुर्घटना से जुड़ी केस डायरी तलब की है.
पुलिस जांच पर उठे सवाल
प्रतिनिधि, हुगली.
कलकत्ता हाइकोर्ट ने चंदननगर की नृत्यशिल्पी सुतंद्रा चट्टोपाध्याय की सड़क दुर्घटना से जुड़ी केस डायरी तलब की है. मंगलवार को सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष ने कांकसा और चंदननगर थाने के आइसी द्वारा जमा की गयी रिपोर्ट का अवलोकन किया और अगली सुनवाई में केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
गौरतलब है कि गत 23 फरवरी को सुतंद्रा की मौत पानागढ़ के कांकसा इलाके में सड़क दुर्घटना में हुई थी. शुरुआत में आरोप लगे थे कि कुछ युवकों ने छेड़खानी करते हुए उनकी कार का पीछा किया, जिसके चलते यह हादसा हुआ. मामला हाइकोर्ट तक पहुंचा, जहां मंगलवार को राज्य सरकार ने साफ किया कि छेड़खानी की कोई घटना नहीं हुई थी. राज्य के अधिवक्ता ने अदालत में कहा कि इस मामले में दर्ज शिकायतों को लेकर सवाल उठाये गये हैं और आसनसोल पुलिस कमिश्नरेट ने सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की है. इसी तरह की शिकायत चंदननगर थाने में भी दर्ज करायी गयी थी, लेकिन तीन न्यायिक मजिस्ट्रेट ने भी छेड़खानी के आरोपों को खारिज कर दिया.
सरकारी पक्ष ने अदालत में यह भी बताया कि सुतंद्रा की मां ने अपनी गवाही में कहा है कि वह अब कोई नयी शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहतीं. पुलिस ने भी बताया कि चंदननगर थाने की रिपोर्ट कांकसा थाने को भेजी जा चुकी है.
परिवार ने जताया विरोध, ड्राइवर के बयान से मामला उलझा : पुलिस ने पहले ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया था कि यह मामला प्रतिद्वंद्विता का था, छेड़खानी का नहीं. लेकिन सुतंद्रा के परिजन ने इस दावे को नकारते हुए कहा कि यह केवल आपसी रेसिंग के कारण हुआ हादसा नहीं था, बल्कि उनकी कार का पीछा किया जा रहा था. पीछा करने वाले वाहन से शराब के ग्लास बरामद हुए थे और सुतंद्रा के ड्राइवर ने भी शुरुआत में छेड़खानी की बात कही थी.
पुलिस ने इस मामले में उस सफेद कार के चालक बाबू यादव को गिरफ्तार किया था, जो कथित तौर पर सुतंद्रा की कार का पीछा कर रहा था. हालांकि, कुछ दिनों बाद सुतंद्रा की मां की नयी शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके ड्राइवर राजदेव शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया.
ड्राइवर का पलटा बयान, सीसीटीवी फुटेज में दिखी सच्चाई : गिरफ्तारी से पहले राजदेव शर्मा ने अपना बयान बदल दिया था. उसने कहा था : कोई छेड़खानी नहीं हुई थी. हमारी कार को टक्कर लगी थी, इसलिए सुतंद्रा ने सफेद कार को पकड़ने के लिए कहा और हमने 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी दौड़ायी. इसी दौरान हादसा हो गया.
पुलिस को मिली सीसीटीवी फुटेज में भी यही दिखा कि सुतंद्रा की कार एक सफेद कार का पीछा कर रही थी. ड्राइवर के बयान बदलने के बाद, सुतंद्रा की मां ने एक मार्च को चंदननगर थाने में शिकायत दर्ज करायी, जिसके बाद पुलिस ने भद्रेश्वर के दासपाड़ा से राजदेव को गिरफ्तार कर लिया. अब हाइकोर्ट ने इस पूरे मामले पर पुलिस की जांच की समीक्षा करने के लिए केस डायरी तलब की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




