सीबीआइ ने पुलिस अधिकारियों व कर्मियों से की पूछताछ

शुक्रवार को पुलिस के ओसी व एडिशनल ओसी पद के अधिकारियों समेत छह पुलिसकर्मी सॉल्टलेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआइ कार्यालय में हाजिर हुए, जहां उनसे पूछताछ हुई.
सीजीओ कॉम्प्लेक्स में हाजिर हुए ओसी व एडिशनल ओसी पद के अधिकारी समेत छह पुलिसकर्मी
संवाददाता, कोलकाता
आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में एक जूनियर महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच के तहत केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) के अधिकारी घटना के पहले और उसके बाद गिरफ्तार सिविक वॉलंटियर संजय राय की हर गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश में जुटे हैं. यानी, घटना से पहले आरोपी कहां-कहां गया और किनसे मिला था. घटना के दौरान क्या हुआ और उसके बाद आरोपी की क्या गतिविधियां रहीं. इसके अलावा केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी घटना के दौरान अस्पताल के आउटपोस्ट में तैनात कोलकाता पुलिस के अधिकारियों व कर्मियों की गतिविधियों का भी पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं. इस बाबत सीबीआइ ने घटना वाले दिन आरजी कर अस्पताल के पुलिस आउटपोस्ट में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को पूछताछ के लिए तलब किया. शुक्रवार को पुलिस के ओसी व एडिशनल ओसी पद के अधिकारियों समेत छह पुलिसकर्मी सॉल्टलेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआइ कार्यालय में हाजिर हुए, जहां उनसे पूछताछ हुई.
सूत्रों के अनुसार, सीबीआइ के अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि घटना की सूचना उन्हें कब मिली. किसने पुलिस को शव मिलने की सूचना दी.
शव मिलने के बाद पुलिस की क्या-क्या भूमिका रही. अपराध स्थल से क्या-क्या जब्त किये गये. साथ ही वे यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि अब तक गिरफ्तार एकमात्र सिविक वाॅलंटियर संजय राय को क्या वे जानते थे. राय की अस्पताल में क्यों आवाजाही थी. राय को अस्पताल जाने की इजाजत क्यों दी गयी. इजाजत किसने दी. ऐसे कई प्रश्न हैं, जिनके जवाब भी सीबीआइ के अधिकारी जानने की कोशिश कर रहे हैं.
संजय के करीबी पुलिस अधिकारी से फिर पूछताछ: इसी दिन आरोपी संजय के करीबी माने जानेवाले पुलिस अधिकारी फिर सीबीआइ कार्यालय में हाजिर हुए. शुक्रवार को कोलकाता आर्म्ड पुलिस फोर्स की चौथी बटालियन के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआइ) अनूप दत्ता सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआइ कार्यालय पहुंचे. सूत्रों की मानें, तो सीबीआइ को संजय के पुलिस की चौथी बटालियन के बैरक में दत्ता के साथ रहने और घटना के बाद आरोपी के उक्त पुलिस अधिकारी से फोन पर भी बात किये जाने को लेकर कुछ तथ्य व जानकारी मिली है, जो फिलहाल जांच का विषय है. सीबीआइ दत्ता से पूछताछ कर उन्हीं तथ्यों की पुष्टि व अन्य सवालों का जवाब जानने की कोशिश में जुटी हुई है. इसके पहले ही गत मंगलवार को उनसे पूछताछ हुई थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




