ePaper

पीजी के नये वुडबर्न वार्ड में किफायती दर पर मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा

Updated at : 17 Sep 2025 1:33 AM (IST)
विज्ञापन
पीजी के नये वुडबर्न वार्ड में किफायती दर पर मरीजों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एसएसकेएम (पीजी) अस्पताल में मंगलवार को वुडबर्न 2 वार्ड का उद्घाटन किया.

विज्ञापन

शुभारंभ. मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित 10 मंजिले ‘अनन्यो’ भवन का किया उद्घाटन

संवाददाता, कोलकातामुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एसएसकेएम (पीजी) अस्पताल में मंगलवार को वुडबर्न 2 वार्ड का उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री ने करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस 10 मंजिली इमारत का नामकरण भी किया. नये वुडबर्न-2 का नाम ‘अनन्यो’ रखा गया है. इसमें 131 केबिन हैं. यहां किफायती दर पर अच्छी चिकित्सा मिल सकेगी.

समारोह में मुख्यमंत्री के साथ प्रधान स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम, अस्पताल के निदेशक प्रो डॉ मणिमय बंद्योपाध्याय और आला चिकित्सक अधिकारी मौजूद रहे. उद्घाटन समारोह में सुश्री बनर्जी ने बताया कि यहां सिंगल केबिन के अलावा सुइट्स वार्ड, एचडीयू और आइटीयू सहित ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था है.

एसएसकेएम के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की वित्तीय प्रगति पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि 2011 में जहां स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट केवल 3,684 करोड़ रुपये था. वहीं अब यह बढ़कर 21,355 करोड़ रुपये हो गया है. बच्चों के लिए मुफ्त हार्ट सर्जरी की जा रही है. स्वास्थ्य साथी योजना शुरू की गयी है. ये आम लोगों के लिए बहुत बड़ी राहत है. मुख्यमंत्री ने आंकड़े देते हुए बताया कि राज्य में आठ करोड़ से ज्यादा लोग स्वास्थ्य साथी से सेवाएं ले चुके हैं.

नये वुडबर्न वार्ड में यह रहेगा बेड का खर्च

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीजी के नये वुडर्बन में सिंगल केबिन का किराया पांच हजार रुपये तय किया गया है. सिंगल सुइट्स के लिए प्रति बेड आठ हजार, हाइ डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) 12000 रुपये व इंटेंसिव थेरेपी यूनिट (आइटीयू) के लिए 15000 रुपये बेड चार्ज के रूप में लिये जायेंगे. सीएम ने बताया कि मुनाफा के बिना बेड चार्ज तय किया गया है. लागत वसूलने के लिए किराया लिया जा रहा है. छह महीने बाद बेड चार्ज की फिर से समीक्षा होगी. गौरतलब है कि यहां बेड चार्ज और इलाज खर्च दैनिक दर से लिया जायेगा. सीएम ने बताया कि पीजी के अधिकारियों ने उक्त सभी वार्ड के लिए दो हजार से अधिक प्रति बेड किराया तय किया था. लेकिन उन्होंने इसे कम कर दिया है. फिलहाल नये वुडबर्न में स्वास्थ्य साथी बीमा योजना का लाभ नहीं मिलेगा. बाद में योजना को यहां जोड़ा जा सकता है.

महानगर के निजी अस्पतालों को टक्कर देगा ‘अनन्यो’

मुख्यमंत्री का दावा है कि नये वुडबर्न वार्ड का इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतरीन है, जो निजी अस्पतालों को भी टक्कर देगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 15 परियोजनाओं का उद्घाटन और तीन का शिलान्यास किया. इनमें से अधिकांश स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी हैं. इनमें शंभूनाथ पंडित अस्पताल में बना बोन बैंक भी शामिल है. जिसका सीएम ने सोमवार को ही उद्घाटन किया. इसके साथ ही ली रोड पर 24.49 करोड़ रुपये की लागत से एक 7 मंजिला छात्रावास बनाया गया है. स्वास्थ्य भवन का एक नया भवन, एनेक्स-1, 16 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. औषधि नियंत्रण विभाग में 32.92 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक भवन का निर्माण भी किया गया है. मुख्यमंत्री ने कई नयी परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने खिलाफत कमेटी द्वारा निर्मित भवन का रिमोट कंट्रोल से उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतिदिन सात हजार मरीज स्वास्थ्य साथी से सेवाएं प्राप्त करते हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKHILESH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR SINGH

AKHILESH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola