बंगाल: फर्जी हस्ताक्षर मामले में नया अपडेट, न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने सुनवाई से खुद को किया अलग

Edited by Ashish Jha
Updated:
विज्ञापन

कलकत्ता हाई कोर्ट

Bengal News: एक ही मामले की कलकत्ता हाई कोर्ट की दो खंड पीठों में चल रही सुनवाई को देखते हुए न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने खुद को केस की सुनवाई से अलग कर लिया. उन्होंने कहा कि दो अलग-अलग सुनवाई से फैसलों में अंतर देखने को मिल सकता है. ऐसे में सुनवाई एक ही स्थान पर होना चाहिए.

विज्ञापन

कोलकाता से अमर शक्ति प्रसाद की रिपोर्ट

Bengal News: राज्य में विधायको के फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआइडी की तलाशी से संबंधित केस की सुनवाई से कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने स्वयं को अलग कर लिया है. अदालत ने कहा कि डायमंड हार्बर से लाेकसभा सांसद व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पहले ही फर्जी हस्ताक्षर प्रकरण में उच्च न्यायालय की दूसरी पीठ के समक्ष याचिका दायर कर चुके हैं. ऐसे में एक ही मामले की सुनवाई दो अलग-अलग पीठों में होने पर परस्पर विरोधी आदेश आने की संभावना बन सकती है. न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने टिप्पणी की कि इस मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति कौशिक चंद की पीठ के समक्ष ही होनी चाहिए. इसी आधार पर उन्होंने मामले की सुनवाई से स्वयं को अलग करने का निर्णय लिया.

सीआइडी की कार्रवाई की वैधता पर उठा सवाल

फर्जी हस्ताक्षर मामले की जांच के दौरान सीआइडी की एक टीम पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के कालीघाट आवास स्थित पार्टी कार्यालय पहुंची थी. हालांकि, शुरुआत में सीआइडी अधिकारियों को कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया गया. लगभग एक घंटे तक वहां मौजूद तृणमूल नेताओं के साथ बहस के बाद जांच दल कार्यालय के भीतर प्रवेश कर सका. इसके बाद अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक परिसर में तलाशी अभियान चलाया. तृणमूल कांग्रेस के अधिवक्ता किशोर दत्त ने उच्च न्यायालय में आरोप लगाया कि सीआइडी बिना किसी वैध तलाशी वारंट और जब्ती सूची दस्तावेज के बलपूर्वक कार्यालय में घुसी थी. पार्टी ने सीआइडी की कार्रवाई की वैधता पर सवाल उठाते हुए अदालत का रुख किया था.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

एक ही मामले में दो-दो सुनवाई

इस सप्ताह मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति भट्टाचार्य की पीठ में होने की संभावना थी, लेकिन उन्होंने इससे अलग होने का फैसला किया. इसी फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी ने भी राहत की मांग करते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिसकी सुनवाई न्यायमूर्ति कौशिक चंद की पीठ में हुई. अदालत ने अंतरिम राहत देते हुए कहा था कि अगली सुनवाई तक सीआइडी उनके खिलाफ कोई कठोर कदम नहीं उठा सकती. साथ ही अदालत ने अभिषेक को जांच एजेंसी के साथ सहयोग करने का निर्देश भी दिया था. न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि जब फर्जी हस्ताक्षर मामले से संबंधित अभिषेक बनर्जी की याचिका पर पहले से सुनवाई चल रही है, तब उसी प्रकरण से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई किसी दूसरी पीठ द्वारा नहीं की जानी चाहिए.

Also Read: अभिषेक बनर्जी से 11 घंटे तक चली पूछताछ, सीजीओ परिसर से बाहर आते ही बतायी ये बात

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola