तृणमूल नेताओं के लिए नहीं खुलेगा भाजपा का दरवाजा, बंगाल में दागी को भी नो इंट्री

Author Ashish Jha
Updated:
विज्ञापन
तृणमूल नेताओं के लिए नहीं खुलेगा भाजपा का दरवाजा, बंगाल में दागी को भी नो इंट्री

शमिक भट्टाचार्य

Bengal News: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने दावा किया है कि तृणमूल के कई सांसद-विधायक उनके संपर्क में हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें भाजपा में शामिल नहीं कराया जायेगा.

विज्ञापन

Bengal News: कोलकाता. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा है कि राज्य में भाजपा की जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस के कई मौजूदा सांसद व विधायक पार्टी के संपर्क में हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें भाजपा में शामिल नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा कि राजनीति में परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन किसी भी दागी नेता के लिए पार्टी के दरवाजे नहीं खोले जायेंगे. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर हुए दलबदल से पार्टी ने महत्वपूर्ण सीख ली है. भविष्य में किसी भी निर्णय के दौरान उन अनुभवों को ध्यान में रखा जायेगा.

अपने दम पर जीती भाजपा

शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि स्पष्ट जनादेश मिलने के बाद भाजपा पर अब अन्य दलों के नेताओं को शामिल करने का कोई दबाव नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के बल पर जीत हासिल की है व चुनाव जीतने के लिए अब उसे तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की आवश्यकता नहीं है. उन्होंने कहा : तृणमूल कांग्रेस के कई सांसद और विधायक हमारे संपर्क में हैं, लेकिन मैं संख्या पर टिप्पणी नहीं करना चाहता. फिलहाल पार्टी के दरवाजे बंद हैं.

दागी नेताओं को नहीं मिलेगी जगह

यह पूछे जाने पर कि क्या भविष्य में पार्टी का रुख बदल सकता है, श्री भट्टाचार्य ने कहा कि राजनीति में दो और दो हमेशा चार नहीं होते, लेकिन किसी भी भ्रष्टाचार, नियुक्ति घोटाले या कथित गिरोह नेटवर्क से जुड़े व्यक्ति के लिए पार्टी में जगह नहीं होगी. इस संबंध में कोई भी फैसला सामूहिक रूप से लिया जायेगा.

‘अच्छी’ व ‘बुरी’ तृणमूल की अवधारणा खारिज

शमिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस को लेकर ‘अच्छी’ और ‘बुरी’ तृणमूल जैसी किसी अवधारणा को खारिज कर दिया. शमिक ने कहा कि उन्होंने कभी ऐसा कोई वर्गीकरण नहीं किया. हालांकि उनका कहना था कि तृणमूल समर्थकों व कार्यकर्ताओं का एक वर्ग भ्रष्टाचार से दूर रहा और उनमें से कई ने चुनाव में भाजपा का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के भविष्य में भाजपा में शामिल होने के बारे में पार्टी सामूहिक रूप से निर्णय लेगी.

मुस्लिमों से ‘अल्पसंख्यक मानसिकता’ छोड़ने की अपील

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुस्लिमों को स्वयं को सबसे पहले देश और राज्य का नागरिक मानना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिले दो-तिहाई बहुमत ने यह साबित कर दिया है कि केवल अल्पसंख्यक वोटों पर निर्भर हुए बिना भी सरकार बनायी जा सकती है. उन्होंने कहा कि मुस्लिमों में अल्पसंख्यक होने की मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है और उन्हें समाज व राष्ट्र की मुख्यधारा के नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभानी चाहिए.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

धार्मिक कट्टरता पर जतायी चिंता

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं. पार्टी के भीतर ऐसे लोग भी थे, जो कथित भ्रष्ट व्यवस्था का हिस्सा नहीं बने और बाद में भाजपा के समर्थन में आये. शमिक भट्टाचार्य ने धार्मिक कट्टरता के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि यह न केवल देश के लिए, बल्कि स्वयं मुस्लिम समाज के लिए भी नुकसानदायक है. उन्होंने सभी समुदायों से लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की अपील की.

Also Read: बंगाल की शुभेंदु सरकार का बड़ा एक्शन, चार शीर्ष अधिकारी निलंबित

विज्ञापन
आशीष झा

लेखक के बारे में

By आशीष झा

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola