बंगाल के हकीमपुर चेकपोस्ट पर पहुंचे 150 बांग्लादेशी, एक हफ्ते में 900 घुसपैठिये पकड़े गये
Published by : Ashish Jha Updated At : 03 Jun 2026 8:14 AM
सीमा पार जाने के इंतजार में बैठे बांग्लादेशी
Bengal News: चेकपोस्ट पर हर दिन बढ़ती संख्या ने सीमा सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. होल्डिंग सेंटरों में 350 लोगों को रखा गया है. सभी का पहचान सत्यापन जारी है.
मुख्य बातें
बैरकपुर से श्रीकांत शर्मा की रिपोर्ट
Bengal News: कोलकाता/बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट अंतर्गत बीथारी हकीमपुर ग्राम पंचायत स्थित हकीमपुर चेकपोस्ट पर बांग्लादेश लौटने के लिए करीब 150 बांग्लादेशी नागरिक जमा हुए हैं. पिछले एक सप्ताह में सीमा से अवैध रूप से प्रवेश करने वाले लगभग 900 बांग्लादेशी नागरिकों को बीएसएफ के जवानों ने पकड़ा है. सूत्रों के अनुसार, ये लोग अलग-अलग समय में दलालों के माध्यम से भारी रकम देकर उत्तर 24 परगना जिले के विभिन्न सीमावर्ती इलाकों से भारत में दाखिल हुए थे. इनमें से कई लोग दूसरे राज्यों में काम कर रहे थे, जबकि कुछ लोग पश्चिम बंगाल की विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठा रहे थे. पूछताछ में कई लोगों ने यह बात स्वीकार भी की है.
तीन होल्डिंग सेंटरों में लगभग 350 लोग
फिलहाल बादुरिया और स्वरूपनगर समेत तीन होल्डिंग सेंटरों में लगभग 350 लोगों को रखा गया है. बीएसएफ जवान के अधिकारियों द्वारा इन सभी की पहचान, दस्तावेज, फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूरी तरह सत्यापन होने के बाद ही इन्हें वापस भेजा जायेगा. होल्डिंग सेंटरों में रह रहे महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवा, भोजन और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था गृह मंत्रालय की निगरानी में की जा रही है. प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि वापसी प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
चेकपोस्ट पर बढ़ रही है बांग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या
हर दिन बढ़ती संख्या ने सीमा सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. हकीमपुर चेकपोस्ट पर बांग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. वही स्थानीय पुलिस प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान संयुक्त रुप से पूरे मामले पर सख्त निगरानी रखे हुए हैं. बॉर्डर पर आने और जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है. वही दूसरी ओर पहले ही राज्य के खाद्य व सहकारिता मंत्री अशोक कीर्तनिया ने कहा था कि पश्चिम बंगाल में किसी भी अवैध घुसपैठिये को रहने नहीं दिया जायेगा. उन्हें पहले होल्डिंग सेंटर में रखा जायेगा और उसके बाद बांग्लादेश भेजा जायेगा.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
डोमजूर में छह बांग्लादेशी नागरिक पुलिस हिरासत में
दूसरी ओर डोमजूर थाने की पुलिस ने बांकड़ा के मुंशीडांगा इलाके से पांच तथा राजीव पल्ली से एक बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया. हिरासत में लिये गये छह लोगों में पांच पुरुष और एक महिला शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, इनके पास से बांग्लादेश के डोमिसाइल प्रमाणपत्र बरामद हुए हैं, जबकि भारत का कोई वैध पहचान पत्र नहीं मिला है. पूछताछ के दौरान सभी ने स्वीकार किया कि वे करीब दो वर्ष पहले दलालों के माध्यम से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किये थे. पुलिस ने सभी के फिंगरप्रिंट ले लिये हैं. आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें बांग्लादेश भेजने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हवाले किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










