बंगाल विधानसभा में 25 को पेश होगी कैग रिपोर्ट, शुभेंदु ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल में 25 जुलाई को विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट पेश की जाएगी. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाने का आश्वासन दिया है.
कोलकाता से शिव कुमार राउत की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को घोषणा की कि 25 जुलाई को राज्य विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट पेश की जायेगी. उन्होंने कहा कि रिपोर्ट पर सदन में विस्तार से चर्चा होगी और इसमें जिन मामलों में भ्रष्टाचार की पुष्टि या अनियमितताओं की ओर संकेत किया गया है, उन पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी.
किसी को बख्शा नहीं जायेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी मामले में मुख्यमंत्री, मंत्री या कोई अन्य जनप्रतिनिधि अथवा अधिकारी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई तय है. इसके लिए आवश्यकता पड़ने पर राज्यपाल की सहमति ली जायेगी. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जायेगी.
ममता सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने कभी भी कैग की रिपोर्ट विधानसभा में पेश नहीं की. उनका कहना था कि संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार कैग और लोकायुक्त की रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जानी चाहिए और उस पर चर्चा भी होनी चाहिए, लेकिन पहले की सरकारों ने इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संवैधानिक परंपराओं का पूरी तरह पालन करेगी.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सिफारिशों के अनुरूप होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि चक्रवात 'फणी' के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के लिए स्वीकृत 3,750 करोड़ रुपये की सहायता राशि के उपयोग में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ था. उन्होंने कहा कि कैग की रिपोर्ट में जिन मामलों का उल्लेख किया गया है, उन सभी पर रिपोर्ट की सिफारिशों के अनुरूप कार्रवाई की जायेगी.
Also Read: पश्चिम बंगाल में 12 जिलों के मदरसों की होगी जांच, 21 जुलाई तक सरकार को मिलेगी रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By आशीष झा
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










