ममता बनर्जी आज जारी करेंगी तृणमूल उम्मीदवारों की सूची, कई सीटों पर बदलाव के संकेत

Updated at : 17 Mar 2026 12:13 PM (IST)
विज्ञापन
ममता बनर्जी आज जारी करेंगी तृणमूल उम्मीदवारों की सूची, कई सीटों पर बदलाव के संकेत

ममता और अभिषेक

Bengal Election: ममता बनर्जी उम्मीदवारों के चयन में युवा चेहरों पर जोर दे सकती है. कई कद्दावर नेताओं के टिकट कटने की बात सामने आ रही है.

विज्ञापन

Bengal Election: कोलकाता, अमित शर्मा : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर आज सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंचने वाली है. मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी आज दोपहर 3.15 बजे पार्टी के उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी करेंगी. यह घोषणा कालीघाट स्थित उनके आवास से आयोजित एक महत्वपूर्ण संवाददाता सम्मेलन में की जायेगी, जिस पर पूरे राज्य के राजनीतिक हलकों की नजर टिकी हुई है.

बड़े स्तर पर बदलाव के संकेत

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बार उम्मीदवार चयन में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकता है. संगठन के भीतर लंबे समय से प्रदर्शन, क्षेत्रीय पकड़ और जनसंपर्क को आधार बनाकर मूल्यांकन किया जा रहा था. इसी प्रक्रिया के तहत कई मौजूदा विधायकों के टिकट कटने और उनकी जगह नये चेहरों, विशेषकर युवाओं को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है. यह भी संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी इस बार अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ चुनावी रणनीति में नयी ऊर्जा लाने के उद्देश्य से उम्मीदवारों में व्यापक फेरबदल कर सकती है.

50 विधायकों का कट सकता है टिकट

बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से तृणमूल कांग्रेस अधिकतर सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है. संभावित आकलनों के अनुसार लगभग 50 से अधिक वर्तमान विधायकों के टिकट पर संकट बना हुआ है. इसके अलावा छात्र, युवा और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े नये चेहरों को सूची में जगह मिल सकती है. पार्टी के अंदरूनी सूत्र यह भी बता रहे हैं कि कुछ पूर्व सांसदों और चर्चित सार्वजनिक हस्तियों को भी चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है.

पार्टी में असंतोष रोकने का प्रयास

इस बीच, पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिया है कि उम्मीदवारों को लेकर अंतिम निर्णय शीर्ष स्तर पर ही लिया गया है और सभी कार्यकर्ताओं को उसे स्वीकार करना होगा. हाल के दिनों में पार्टी के सामाजिक माध्यम मंचों के जरिए लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि उम्मीदवार चाहे कोई भी हो, वह सीधे तौर पर मुख्यमंत्री बनर्जी का प्रतिनिधि होगा. इस कदम को संगठन के भीतर संभावित असंतोष को पहले ही नियंत्रित करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर कालीघाट स्थित आवास परिसर में विशेष प्रबंध किये गये हैं.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

समीकरणों को प्रभावित कर सकती है सूची

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सूची के जारी होते ही राज्य में चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो जायेगी. कई सीटों पर सीधे मुकाबले की स्थिति सामने आएगी, वहीं टिकट कटने वाले नेताओं की प्रतिक्रिया भी सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है. ऐसे में आज की यह घोषणा न केवल तृणमूल कांग्रेस बल्कि पूरे राज्य की चुनावी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है. बड़े पैमाने पर विधायकों के टिकट काटने के पीछे उनके खिलाफ जनता में असंतोष मुख्य कारण बताया जा रहा है. कुछ विधायकों को स्वास्थ्य को लेकर चुनाव में नहीं उतारा जा रहा है.

Also Read: बंगाल में पहचान की लड़ाई, भाजपा के ‘घुसपैठिये’ से ममता की ‘बंगाली अस्मिता’ का मुकाबला

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola