देश के लिए लड़ रही है भारतीय सेना हर हाल में होगी हमारी जीत : सीएम

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश की सीमाओं की बहादुरी से रक्षा करने के लिए शुक्रवार को भारतीय सशस्त्र बलों की प्रशंसा की.
संवाददाता, कोलकाता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश की सीमाओं की बहादुरी से रक्षा करने के लिए शुक्रवार को भारतीय सशस्त्र बलों की प्रशंसा की. रवींद्रनाथ टैगोर की 164वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश अपने सैनिकों और लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना कर रहा है. शुक्रवार को राज्य सरकार के सूचना व संस्कृति विभाग की ओर से रवींद्र सदन में रवींद्र जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हुईं. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा के लिए सरहद पर लड़ रही है. हम भारतीय सेना के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लड़ाई में जीत हमारी होगी. साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी के कल्याण की कामना करते हुए कहा : हम चाहते हैं, सबका कल्याण हो, देश का कल्याण हो. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सेना देश के लिए लड़ रही है. उन्होंने सैनिकों की प्रशंसा करते हुए कविगुरु के संदेश को याद करते हुए कहा कि कभी डरेंगे नहीं. हम जीतेंगे. ममता बनर्जी ने कहा : हमें टैगोर के लेखन और शिक्षाओं को एक दिन के लिए नहीं, बल्कि पूरे वर्ष संजोकर रखना चाहिए. मुख्यमंत्री ने यह भी संदेश दिया कि किसी को भी अपने राज्य की संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि रवींद्रनाथ टैगोर का जन्मदिन सिर्फ उनका जन्मदिन नहीं है. यह भाषा और संस्कृति का भी जन्मदिन है. हम उसके बिना कुछ भी नहीं सोच सकते. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जीवन के हरेक पहलु कविगुरु से सीखते हैं. कविगुरु की कविताएं सुबह, दोपहर, शाम, रात, यहां तक कि दुख और खुशी में भी हमारे साथ रहती हैं. उन्होंने कहा कि हर राज्य की अपनी संस्कृति और भाषा होती है. हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और भाषा को आगे बढ़ाना चाहिए. हमें इसे सिर्फ एक दिन के लिए नहीं, बल्कि अन्य सभी दिनों में अपनाना चाहिए.
इस मौके पर राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत, गृह सचिव नंदिनी चक्रवर्ती, कोलकाता पुलिस मनोज वर्मा के साथ-साथ साहित्य, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों के बड़ी संख्या में विशिष्ट लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




