ePaper

शिक्षण संस्थानों में अराजकता बर्दाश्त नहीं - सीवीए बोस

Updated at : 08 Jul 2025 1:10 AM (IST)
विज्ञापन
शिक्षण संस्थानों में अराजकता बर्दाश्त नहीं - सीवीए बोस

नाराजगी. साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में सामूहिक गैंगरेप की घटना पर राज्यपाल ने जतायी चिंता

विज्ञापन

कोलकाता. दक्षिण कोलकाता के कसबा लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर चुप्पी तोड़ते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने सोमवार को गहरी चिंता जतायी. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून सर्वोपरि है और शैक्षणिक संस्थानों को असामाजिक तत्वों का अड्डा बनने से हर हाल में रोका जाना चाहिए. राज्यपाल ने कहा, “कॉलेज प्रशासन और छात्रों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे शैक्षणिक परिसरों की गरिमा को बनाये रखें.” उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से जवाबदेही तय करने की मांग की और कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना समाज की जिम्मेदारी है. राज्यपाल की टिप्पणी के बाद राजभवन ने कलकत्ता विश्वविद्यालय की कुलपति को औपचारिक निर्देश जारी किये हैं. इन निर्देशों के तहत विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी कॉलेजों में छात्र कल्याण और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सख्त नियम लागू करने को कहा गया है. राज्यपाल ने यह भी बताया कि वह विश्वविद्यालय की कुलपति से नियमित संपर्क में हैं और कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं. राज्यपाल बोस ने शिक्षा के व्यापक सामाजिक योगदान की बात करते हुए कहा कि यह केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक प्रबुद्धता और समस्या समाधान की राह है. उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में सहिष्णुता, सहानुभूति, सम्मान और उत्तरदायित्व जैसे मूल्य छात्रों में विकसित होने चाहिएं. राज्यपाल ने अपने वक्तव्य में बंगाल की ऐतिहासिक भूमिका की भी चर्चा की और कहा कि इस राज्य ने भारतीय नवजागरण की अगुवाई की है और हमेशा न्याय, समानता और स्वतंत्रता के लिए आंदोलन किये हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी शिक्षा संस्थानों में बेलगाम ताकत के इस्तेमाल की इजाजत नहीं दी जा सकती. उन्होंने कहा कि नियम सब पर समान रूप से लागू होते हैं और कोई बाहरी दबाव वैधानिक प्रक्रियाओं को प्रभावित नहीं कर सकता. राज्यपाल ने छात्रों से अपील की कि वे बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई जारी रखें. उन्होंने ब्रिटिश इतिहासकार थॉमस फुलर का उद्धरण देते हुए कहा, “तुम कभी इतने ऊंचे नहीं उठ सकते कि कानून से ऊपर हो सको.” राज्यपाल बोस ने कसबा लॉ कॉलेज कांड की निष्पक्ष, गहन और त्वरित जांच सुनिश्चित करने की बात कही है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रशासन हरसंभव कदम उठायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola