सीबीआइ ने लगाया मोबाइल फोन से कॉल की रिकॉर्डिंग डिलीट करने का आरोप
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 Oct 2024 12:52 AM
बताया जा रहा है कि नौ अगस्त की सुबह चिकित्सक का शव मिलने के बाद दोनों आरोपियों के बीच मोबाइल फोन पर कई बार बातें हुई थीं.
कोलकाता. आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में एक जूनियर महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और टाला थाने के पूर्व ओसी अभिजीत मंडल के मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच में सीबीआइ को अहम तथ्य हाथ लगे हैं. बताया जा रहा है कि नौ अगस्त की सुबह चिकित्सक का शव मिलने के बाद दोनों आरोपियों के बीच मोबाइल फोन पर कई बार बातें हुई थीं. दोनों पर यह भी आरोप लगा है कि यह बात छिपाने के लिए उन्होंने अपने-अपने मोबाइल फोन की कॉल लिस्टों को भी डिलीट कर दिया था. हालांकि, उनके फोन की फॉरेंसिक जांच के बाद उनके मोबाइल फोन से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य केंद्रीय जांच एजेंसी के हाथ लगने की बात सामने आ रही है. सूत्रों के अनुसार, मंडल के मोबाइल फोन में ऑटो काॅल रिकॉर्डिंग मोड ऑन था. यानी उनके फोन पर आने वाले कॉल की रिकॉर्डिंग हुई थी. हालांकि, बाद में उक्त रिकॉर्डिंग को डिलीट कर दिया गया था. लेकिन फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से इसका पता लगा लिया गया है. दोनों ही आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत की अवधि संशोधनागार में काट रहे हैं. बताया जा रहा है कि जांच में मिले तथ्यों के बारे में और पता लगाने के लिए सीबीआइ के अधिकारी एक बार फिर दोनों आरोपियों से संशोधनागार में पूछताछ करने का रुख कर सकते हैं. हालांकि. जांच के बाबत सीबीआइ की ओर से आधिकारिक तौर पर अभी इस बात को लेकर कुछ नहीं कहा गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










