पीएम मोदी का ममता दीदी पर हमला कहा- मां, माटी और मानुष वाले ''मनी'' ले रहे हैं

Updated at : 07 Apr 2016 2:07 PM (IST)
विज्ञापन
पीएम मोदी का ममता दीदी पर हमला कहा- मां, माटी और मानुष वाले ''मनी'' ले रहे हैं

अलीपुर : पश्‍चिम बंगाल के अलीपुर में आज एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे की ममता सरकार पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि दीदी को राज्य की जनता की चिंता नहीं है. इनकी सरकार की कंपनियों से सांठ-गांठ है. पीएम मोदी ने कहा कि यह सरकार मां, माटी […]

विज्ञापन

अलीपुर : पश्‍चिम बंगाल के अलीपुर में आज एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे की ममता सरकार पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि दीदी को राज्य की जनता की चिंता नहीं है. इनकी सरकार की कंपनियों से सांठ-गांठ है. पीएम मोदी ने कहा कि यह सरकार मां, माटी और मानुष को लेकर बनी थी लेकिन अब ये मनी मतलब पैसे पर केंद्रीत हो गए हैं. मोदी ने पिछले दिनों तृणमूल नेताओं के द्वारा पैसे लेने के स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र करते हुए ये बातें कही.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लेफ्ट के शासन का अंत होने के बाद लोगों को ममता सरकार से काफी उम्मीदें थी लेकिन दीदी ने लेफ्ट के ही काम को आगे बढ़ाने का काम किया. उन्होंने कहा कि लेफ्ट और ममता सरकार में ब्लेम गेम जारी है. लेफ्ट वाले कहते हैं कि आपके राज में इतने बलात्कार हुए तो दीदी कहती है आपसे समय में इतने हुए. लेफ्ट वाले कहते हैं कि आपके समय में इतने भ्रष्‍टाचार हुए तो दीदी कहती है कि आपके समय में इतने हुए. दोनों ही पार्टियों को केवल अपनी चिंता है जनता की नहीं.

पीएम ने कहा कि बंगाल में बम और बंदूक का दौर चल रहा है. इन दोनों को ही माताओं और बहनों की चिंता नहीं. ये लोग मात्र ब्लेम गेम में व्यस्त है. बंगाल की जनता को बम पिस्तौल केजंजाल से निकालने की चिंता किसी को नहीं है. बंगाल एक खुशहाल राज्य हुआ करता था. अंग्रेजों को भी बंगाल अच्छा लगता था क्योंकि यह प्रगतिशील राज्य है लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस, लेफ्ट और फिर दीदी ने बंगाल को बर्बाद कर दिया.

ममता बनर्जी पर हमला करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र द्वारा बुलाए गए राज्यों की बैठक में दीदी आती नहीं है जिस बैठक में राज्य अपनी बात रख सकता है उस बैठक से वह दूरी बनातीं हैं जिससे राज्य को नुकसान होता है. इस बैठक में आकर वह राज्य की चर्चा करतीं जिससे हम मदद देते लेकिन उनको मोदी से दुश्‍मनी है. पीएम ने कहा कि वह कहतीं हैं कि मैं मोदी की बैठक में नहीं जाऊंगी. दीदी मोदी की बैठक में आने से कतराती है लेकिन जब भी दिल्ली आती है सोनिया जी से मिलतीं हैं. वे सोनिया जी का आशीर्वाद लेतीं हैं और बगल में खड़े होकर हंसते हुए फोटो खिचवातीं हैं.

मोदी ने कहा कि ये सब मिले हुए हैं इनको बंगाल की चिंता नहीं है. इनको केवल अपनी चिंता हैं. हमारे चाय बगान में राज्य की ओर से एक वेलफेयर सोसाईअी होनी चाहिए लेकिन गरीबों के लिए कोई ऐसी व्यवस्था नहीं है. उन्होंने लोगों से इस बार सरकार बदलने की अपील की. प्रधानमंत्री का यह दूसरा बंगाल दौरा है. मोदी अलीपुरद्वार जिले के मदारीहाट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार मनोज टीग्गा के लिए सभा किया. इसके बाद प्रधानमंत्री आसनसोल और शाम को सिलीगुड़ी में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. सिलीगुड़ी से ही वह दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे.

गौरतलब है कि आसनसोल दक्षिण से कारगिल युद्ध के नायक कर्नल दीपतांशु चौधरी को जबकि आसनसोल उत्तर से निर्मल कर्मकार को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है. सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने डॉ गीता चटर्जी को मैदान में उतारा है. इससे पहले प्रधानमंत्री ने खड़गपुर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के लिए चुनावी रैली की थी. प्रधानमंत्री की सभा को लेकर आसनसोल, सिलीगुड़ी और अलीपुरद्वार के मदारीहाट में सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किये गये हैं. प्रधानमंत्री के दौरे से पहले एनएसजी के उच्च अधिकारी व जिला प्रशासन के लोग तीनों सभा स्थलों पर कैंप किये हुए हैं.

आपको बता दें कि राज्य में पहले चरण का चुनाव समाप्त हो चुका है और दूसरे चरण के लिए मतदान 11 अप्रैल को होना हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola