ePaper

भूकंप से बंगाल में 3 मरे, 69 जख्मी

Updated at : 26 Apr 2015 3:51 AM (IST)
विज्ञापन
भूकंप से बंगाल में 3 मरे, 69 जख्मी

कोलकाता : देश के कई हिस्सों की तरह शनिवार को पश्चिम बंगाल में भी भूकंप के दो झटके महसूस किये गये, जिससे लोग दहशत में आ गये. अब तक राज्य में तीन लोगों के मारे जाने की सूचना मिली है, जबकि 69 लोग घायल हुए हैं. सिलीगुड़ी के नक्सलबाड़ी व आमबाड़ी में दो लोगों की […]

विज्ञापन

कोलकाता : देश के कई हिस्सों की तरह शनिवार को पश्चिम बंगाल में भी भूकंप के दो झटके महसूस किये गये, जिससे लोग दहशत में आ गये. अब तक राज्य में तीन लोगों के मारे जाने की सूचना मिली है, जबकि 69 लोग घायल हुए हैं. सिलीगुड़ी के नक्सलबाड़ी व आमबाड़ी में दो लोगों की मौत हुई.

इनमें से एक की मौत दीवार ढहने से हुई, जबकि डायमंड हार्बर में नहाने के दौरान बंगाल की खाड़ी में तेज लहरें उठने से एक महिला की डूब कर मौत हो गयी. मालदा के सुजापुर में एक स्कूल की सीढ़ी टूट जाने से 30 लोग घायल हो गये. इनमें से पांच की हालत नाजुक बनी हुई है. कूचबिहार में एक नर्सिग होम का एक हिस्सा टूट कर गिर पड़ा. सिलीगुड़ी के प्रधाननगर में एक घर की बालकनी टूटने की खबर मिली है. राज्य के अन्य कई स्थानों में भी भूकंप के झटकों से इमारतों को भारी नुकसान हुआ है. जलपाईगुड़ी शहर के बीच से गुजरनेवाली कोरोला नदी में भूकंप के दौरान काफी ऊंची लहरें उठती देखी गयीं. वहीं, महानगर में भी कई इमारतें व स्कूल क्षतिग्रस्त हो गये.

पार्क स्ट्रीट फ्लाइओवर में भी दरार आ गयी है. अलीपुर मौसम विभाग के अधिकारी डीके दास ने बताया कि शहर में और पूर्वी क्षेत्र के अन्य भागों में भूकंप के झटके महसूस किये गये. बंगाल में रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.5 थी. भूकंप का पहला झटका दिन के 11 बज कर 41 मिनट पर आया. अभी लोग इसके झटके से उबरे भी नहीं थे, कि तभी 12.19 बजे एक बार फिर धरती हिल उठी.

भूकंप के बाद लोग घरों और कार्यालय से निकलकर सड़कों पर जमा हो गये. मेट्रो रेल परिसेवा भी बंद कर दी गयी. कई स्कूलों व दफ्तरों में छुट्टी दे दी गयी. उधर, पीएम नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फोन कर राज्य में भूकंप व उससे हुए नुकसान की जानकारी हासिल व मदद का भरोसा दिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola