ePaper

सारधा चिटफंड घोटाला : प्रदेश कांग्रेस ने ममता के सुर में सुर मिलाया, भाजपा पर हमला

Updated at : 02 Feb 2015 3:06 AM (IST)
विज्ञापन
सारधा चिटफंड घोटाला : प्रदेश कांग्रेस ने ममता के सुर में सुर मिलाया, भाजपा पर हमला

कोलकाता/मालदा : सारधा चिटफंड घोटाले में तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं की गिरफ्तारी, पार्टी सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल महासचिव मुकुल राय के बीच बढ़ती कथित दूरी की खबरों के बीच सियासी घमसान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी भी कूद पड़े हैं. रविवार को चौधरी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है […]

विज्ञापन

कोलकाता/मालदा : सारधा चिटफंड घोटाले में तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं की गिरफ्तारी, पार्टी सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल महासचिव मुकुल राय के बीच बढ़ती कथित दूरी की खबरों के बीच सियासी घमसान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी भी कूद पड़े हैं. रविवार को चौधरी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि भाजपा मुकुल राय का इस्तेमाल कर तृणमूल को तोड़ने का प्रयास कर रही है.

उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में कांग्रेस की कर्मी सभा के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान अधीर ने कहा कि तृणमूल नेता मुकुल राय खुद को सीबीआइ के हाथ से बचाने के लिए गुप्त रूप से भाजपा के साथ समझौता कर रहे हैं. मुकुल राय ने खुद को बचाने के लिए कई तथ्यों का खुलासा कर दिया है. उन्होंने कहा कि मुकुल राय का इस्तेमाल कर भाजपा इस राज्य में तृणमूल कांग्रेस में दरारें डालने की कोशिश कर रही है. भाजपा के साथ तृणमूल का एक गुप्त समझौता चल रहा है.

चौधरी ने कहा कि सीबीआइ से बचने के लिए हर रोज मुख्यमंत्री के घर में गुप्त बैठक चल रही है. चौधरी ने कहा कि सारधा मामले में अभी तक किसी ने भी ममता बनर्जी के खिलाफ कुछ नहीं कहा है. किसी ने भी उन्हें चोर नहीं कहा है, पर वह खुद यह कह रही हैं कि वह जेल जाने के लिए तैयार हैं, तो इसका मतलब दुनिया को समझ में आने लगा है. गौरतलब है कि शनिवार को ममता ने आरोप लगाया था कि भाजपा तृणमूल कांग्रेस को तोड़ने का प्रयास कर रही है. भाजपा के बारे में चौधरी ने कहा कि भाजपा ने देश के लिए कुछ नहीं किया. भाजपा सांप्रदायिक दल है.

‘कालीघाट’ से मुकुल की बढ़ी दूरी!

कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस सांसद व पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव मुकुल राय की कालीघाट से दूरियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं. रविवार को अपने लंबे समय की आदत को दरकिनार करते हुए उन्होंने कालीघाट का रुख नहीं किया. गौरतलब है कि मुकुल राय अमुमन रविवार सुबह कालीघाट जाते थे. कालीघाट मिलन संघ क्लब में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनते थे. इसके बाद कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री व पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी के आवास पर जाकर पार्टी की बैठक करते थे. लेकिन अरसे बाद इस रूटीन में बदलाव देखने को मिला.

रविवार को मुकुल ने कालीघाट का रुख नहीं किया. कालीघाट मिलन संघ क्लब में लोग उनकी प्रतीक्षा रते रहे लेकिन वह वहां नहीं पहुंचे. राय ने निजाम पैलेस में ही संवाददाताओं से बातचीत की. यहां उन्होंने कहा कि पार्टी या संगठन से उनकी किसी किस्म की दूरी नहीं हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि बनगांव सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में वह जोरदार प्रचार करेंगे. इधर, निजाम पैलेस में मुकुल राय से मुलाकात करने के लिए राज्य की कानून मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य पहुंची. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच सुप्रीम कोर्ट में राज्य सरकार द्वारा दायर मामले के संबंध में चर्चा हुई है.

नौकरशाह ने मतंग की गिरफ्तारी रोकने का किया प्रयास: सीबीआइ

नयी दिल्ली/कोलकाता. सीबीआइ ने रविवार को दावा किया कि करोड़ों रुपये के सारधा घोटाले में गिरफ्तार किये गये पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग सिंह की गिरफ्तारी रोकने के लिए एक वरिष्ठ नौकरशाह ने कथित तौर पर प्रयास किया था. सीबीआइ जहां कथित दबाव को लेकर आधिकारिक तौर पर चुप्पी साधे है वहीं एजेंसी के सूत्रों ने दावा किया कि सिंह की गिरफ्तारी रोकने के लिए एजेंसी के शीर्ष अधिकारियों के पास एक वरिष्ठ नौकरशाह का फोन आया था.

पीवी नरसिंह राव की कैबिनेट में गृह राज्यमंत्री रह चुके मतंग सिंह को शनिवार को गिरफ्तार किया गया. उधर, मतंग सिंह को रविवार को अदालत में पेश नहीं किया जा सका. हालांकि कोर्ट ने उन्हें 13 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में रखने का निर्देश दिया. मतंग एसएसकेएम अस्पताल में भरती हैं.

सूत्रों ने कहा कि सिंह ने हिरासत के दौरान सीबीआइ कर्मियों को अपने ‘संपर्क’ के माध्यम से कथित रूप से धौंस दिखाने के प्रयास किये और गिरफ्तारी से बचने के लिए अंतिम प्रयास के तहत वरिष्ठ अधिकारी को फोन किया. सीबीआइ के सूत्रों ने आरोप लगाया कि सिंह की ‘नौकरशाही के उच्च अधिकारियों’ के साथ ‘गहरी साठगांठ’ थी और इस प्रभाव का इस्तेमाल वह कथित तौर पर काम कराने में करते थे.

सीबीआइ अधिकारियों ने दावा किया कि यह पहली बार नहीं है जब सिंह ने सीबीआई से ‘राहत’ पाने के लिए दबाव बनाया. इससे पहले भी सीबीआइ पर दबाव बनाये गये कि वह एजेंसी द्वारा पहले दर्ज किये गये मामलों में उनके खिलाफ आरोपपत्र दायर नहीं हो जिसका सीबीआइ के पूर्व निदेशक रणजीत सिन्हा ने विरोध किया था.

कोर्ट में नहीं हो सकी पेशी

सारधा मामले में शनिवार को गिरफ्तार पूर्व केंद्रीय मंत्री मतंग सिंह को तबीयत ठीक नहीं होने के चलते रविवार को अदालत में पेश नहीं किया जा सका. अलीपुर स्थित सीजेएम (अतिरिक्त प्रभार) श्रीजीता चक्रवर्ती की अदालत में सीबीआइ के अधिवक्ता ने कहा कि आपराधिक षड्यंत्र, आर्थिक गड़बड़ी व तथ्य छिपाने के आरोप में शनिवार को मतंग सिंह को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गयी और उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में भरती किया गया. इसके कारण रविवार को मतंग सिंह को अदालत में पेश करना संभव नहीं हो पाया. उनकी तबीयत में सुधार होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया जायेगा. वहीं, बचाव पक्ष के वकील ने मतंग सिंह की जमानत की अर्जी दी.

बचाव पक्ष ने कहा कि मतंग की तबीयत सही नहीं होने के कारण वे सीबीआइ के बुलावे पर नहीं आ सके थे. तबीयत में हल्का सुधार होने पर वे शनिवार को सीबीआइ दफ्तर पहुंचे थे, लेकिन पूछताछ के बाद सीबीआइ ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि सीबीआइ ने रविवार को इस गिरफ्तारी को लेकर जो भी दस्तावेज अदालत में पेश किये हैं, उसमें उनके (मतंग) सारधा मामले में शामिल होने को लेकर एक भी शब्द का उल्लेख नहीं है, इसके कारण उन्हें जमानत दिया जाये. अदालत सूत्रों मुताबिक, दोनों ही पक्ष के वकीलों की दलील सुनने के बाद जज ने मतंग सिंह को 13 फरवरी तक जेल हिरासत में रखने का निर्देश दिया. अदालत की ओर से गया है कि मतंग के चिकित्साधीन रहने की अवधि को भी न्यायिक हिरासत की अवधि में शामिल किया जायेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola