बिहार में आर्केस्ट्रा में नचाने का लालच, आरोपी महिला को भीड़ ने पीटा
Published by : GANESH MAHTO Updated At : 22 Feb 2026 1:20 AM
स्थानीय लोगों ने आरोपी महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
बनगांव. उत्तर 24 परगना जिले के गोपलनगर थाना अंतर्गत 16 नंबर रेल गेट इलाके में शनिवार को एक महिला को मोटी रकम का लालच देकर बिहार में आर्केस्ट्रा में नचाने के लिए ले जाने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है. आरोप है कि अज्ञात महिला ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ चलने का प्रस्ताव दिया. स्थानीय लोगों ने आरोपी महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस के अनुसार, पीड़िता का नाम साथी राय है. घटना के समय वह घर में अकेली थी, जबकि उसका पति काम से बाहर गया हुआ था. साथी राय ने बताया कि अचानक एक अज्ञात महिला उसके घर पहुंची, जिसे वह पहले से नहीं जानती थी. आरोपी महिला ने उसे बिहार में आर्केस्ट्रा में नाचने का ऑफर देते हुए मोटी रकम का लालच दिया. पीड़िता के इंकार करने के बावजूद वह जबरदस्ती करने लगी. इस पर साथी राय ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गये. बताया जाता है कि आरोपी महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया.
आक्रोशित लोगों ने उसे एक खंभे से बांधकर पिटाई की और बाद में पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची गोपालनगर थाने की पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गयी. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि उसका संबंध किसी मानव तस्करी गिरोह से तो नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










