ePaper

सीबीआइ कार्यालय नहीं पहुंचे कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार

Updated at : 16 Sep 2019 5:54 PM (IST)
विज्ञापन
सीबीआइ कार्यालय नहीं पहुंचे कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार

कोलकाता : कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार (Rajiv Kumar) सारधा घोटाला (Saradha Scam) मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को यहां सीबीआइ (CBI) दफ्तर नहीं पहुंचे. सीबीआइ ने कुमार को सोमवार दोपहर दो बजे तक उसके अधिकारियों के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था. लेकिन, यहां सॉल्ट लेक इलाके में अग्रणी जांच […]

विज्ञापन

कोलकाता : कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार (Rajiv Kumar) सारधा घोटाला (Saradha Scam) मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को यहां सीबीआइ (CBI) दफ्तर नहीं पहुंचे. सीबीआइ ने कुमार को सोमवार दोपहर दो बजे तक उसके अधिकारियों के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था. लेकिन, यहां सॉल्ट लेक इलाके में अग्रणी जांच एजेंसी के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में वह पेश नहीं हुए.

शनिवार के बाद से यह दूसरी बार है, जब कुमार ने सीबीआइ की ओर से जारी पेशी के सम्मन को नजरअंदाज किया. सीबीआइ के अधिकारी शनिवार को राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ गये थे और उन्होंने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक वीरेंद्र को एक पत्र सौंपा, जिसमें कहा गया कि वह कुमार को निर्देश दें कि वह सोमवार को दो बजे सीबीआइ अधिकारियों के समक्ष पेश हों. कुमार वर्तमान में आपराधिक जांच विभाग में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हैं.

घोटाले की जांच के सिलसिले में सीबीआइ अधिकारी सोमवार सुबह राज्य सचिवालय पहुंचे. वहां उन्होंने इस मामले की जांच में पूर्व पुलिस आयुक्त राजीव कुमार के एजेंसी के समक्ष शनिवार को पेश नहीं होने के संबंध में मुख्य सचिव मलय डे और गृह सचिव आलापन बंद्योपाध्याय के लिए पत्र दिये. सीबीआइ के दो अधिकारी सोमवार को राज्य सचिवालय पहुंचे और उन्होंने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र दिये.

राज्य सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पत्रों में सीबीआइ ने जानना चाहा है कि उक्त पुलिस अधिकारी कहां हैं. साथ ही यह भी जानना चाहा है कि उन्हें किस आधार पर महीने भर लंबा अवकाश दिया गया है. एजेंसी ने यह भी जानना चाहा है कि कुमार ड्यूटी पर कब लौटने वाले हैं. इन पत्रों के साथ कलकत्ता हाइकोर्ट का वह आदेश भी जोड़ा गया था, जो कुमार को गिरफ्तारी से दिये गये संरक्षण को वापस लेने से जुड़ा है.

कलकत्ता हाइकोर्ट ने सारधा चिटफंड घोटाला मामले में कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त को गिरफ्तारी से संरक्षण का अपना अंतरिम आदेश शुक्रवार को रद्द कर दिया था. सीबीआइ अधिकारी पार्क स्ट्रीट स्थित कुमार के सरकारी आवास भी गये थे, वहां उन्होंने वह पत्र दिया, जिसमें उनसे शनिवार को एजेंसी के कार्यालय में पेश होने को कहा गया था, लेकिन कुमार सीबीआइ अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola