हावड़ा में हाइवे पर तेज रफ्तार फरारी दुर्घटनाग्रस्त, उद्यमी की मौत
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :04 Jun 2018 6:02 AM (IST)
विज्ञापन

हावड़ा : जिले के डोमजूर थाना अंतर्गत छह नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को 150 किलोमीटर से भी अधिक की रफ्तार से दौड़ रही विदेशी कार (फरारी) अनियंत्रित होकर ब्रिज की दीवार से टकरा गयी. इस हादसे में एक उद्यमी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो […]
विज्ञापन
हावड़ा : जिले के डोमजूर थाना अंतर्गत छह नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को 150 किलोमीटर से भी अधिक की रफ्तार से दौड़ रही विदेशी कार (फरारी) अनियंत्रित होकर ब्रिज की दीवार से टकरा गयी. इस हादसे में एक उद्यमी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि फरारी के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसा पाकुड़िया ब्रिज पर सुबह 10 बजे के करीब हुआ. मृतक का नाम शिवाजी राय (45) बताया गया है. वह खुद गाड़ी चला रहे थे, जबकि आगे की सीट पर आसना सुराना (19) बैठी थीं. घायल आसना को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है. डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बतायी है. आसना बारहवीं की छात्रा हैं, जबकि शिवाजी राय का देशप्रिय पार्क के पास वेयर हाउस है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, रेसिंग करने की कोशिश में गाड़ी अनियंत्रित होकर पाकुड़िया ब्रिज की दीवार से टकरा गयी. खबर पुलिस को दी गयी. दोनों को गाड़ी से बाहर निकालने में करीब आधे घंटे से अधिक का समय लगा. अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने शिवाजी को मृत घोषित कर दिया.
150 की रफ्तार में दौड़ रही थी फरारी
प्रत्येक रविवार को उद्यमी शिवाजी अपने साथियों के साथ गाड़ी लेकर सैर पर निकलते थे. वह इस रविवार को भी दोस्तों संग न्यू अलीपुर से निकले थे. दोस्त अलग-अलग गाड़ियों में थे. शिवाजी फरारी चला रहे थे. आसना सुराना आगे की सीट पर बैठी थीं. बताया जा रहा है कि शिवाजी के साथी चार अन्य गाड़ियों में थे. सेकेंड हुगली ब्रिज (विद्यासागर सेतु) होते हुए सभी नाश्ता करने डानकुनी पहुंचे.
वहां से कोलकाता लौटने के दौरान बाकी गाड़ियां फरारी से आगे निकल गयीं. बताया जा रहा है कि ब्रिज से किस रास्ते जाना है, यही समझने में शिवाजी से चूक हो गयी. उनकी गाड़ी की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रतिघंटे से भी ज्यादा थी. इसी दौरान वह गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सके, जिससे फरारी ब्रिज की दीवार से जा टकरायी. फरारी में लगे एयर बैग से भी कुछ खास बचाव नहीं हो सका.
एयर बैग खुलने के बाद भी दोनों बुरी तरह से जख्मी हुए. शिवाजी दक्षिण कोलकाता के रास बिहारी एवेन्यू के रहने वाले थे, जबकि आसना का घर इकबालपुर में है. दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि रेसिंग करने के दौरान दुर्घटना घटी है कि नहीं, इसका खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन गाड़ी की स्पीड बहुत अधिक थी.
प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा
हर रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेसिंग होती है. इसमें कई कार व बाइकें शामिल होती हैं. रेसिंग के दौरान ही फरारी दीवार से टकरा गयी. हादसा बहुत भयावह था. स्थानीय लोग आैर पुलिस की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




