क्रशर का करंट लगने से युवक की मौत

मृतक जामुड़िया थाना क्षेत्र के प्रेमबाजार इलाके का निवासी और पेशे से जेसीबी मशीन का ड्राइवर था.
शव को सड़क किनारे फेंकने का आरोप, बवाल के बाद मुआवज़े पर बनी सहमति
जामुड़िया. जामुड़िया थानांतर्गत चुरुलिया क्षेत्र में एक कोयला क्रशर मशीन से बड़ा हादसा हो गया. मिली जानकारी के अनुसार, क्रशर मशीन में काम करते समय बिजली का करंट लगने से शेख डालिम मोल्ला(23) नामक युवक की मौत हो गयी. मृतक जामुड़िया थाना क्षेत्र के प्रेमबाजार इलाके का निवासी और पेशे से जेसीबी मशीन का ड्राइवर था. बताया गया है कि बीती रात वह काम के सिलसिले में चुरुलिया आया था. वहां क्रशर मशीन पर काम करते समय अचानक करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी. आरोप है कि हादसे के बाद फैक्टरी से उसके शव को बाहर निकाल कर मधु डांगा क्षेत्र के सड़क किनारे फेंक दिया गया.
घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने जम कर बवाल व विरोध प्रदर्शन किया. सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात काबू में किया. बातचीत के बाद समझौता हुआ कि मृतक के परिवार को दो लाख रुपये नकद मुआवज़ा और प्रति माह पांच हजार रुपये का भत्ता दिया जायेगा. उसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. इस बीच, शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के वास्ते आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है. फैक्टरी के मालिक का नाम मिठुन रुईदास और ठिकाना चुरुलिया गांव बताया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




