ePaper

बांग्लादेश से गयाजी जा रही टूरिस्ट बस जमालपुर में दुर्घटनाग्रस्त

Updated at : 02 Nov 2025 1:32 AM (IST)
विज्ञापन
बांग्लादेश से गयाजी जा रही टूरिस्ट बस जमालपुर में दुर्घटनाग्रस्त

हादसा. चटगांव से चली बस पूर्व बर्दवान के जमालपुर के मुसुंडा में कंटेनर वैन से भिड़ी

विज्ञापन

बस में सवार 20 घायल यात्रियों को ले जाया गया बर्दवान अस्पताल, मरहम-पट्टी के बाद छोड़े गये यात्री

चटगांव से 120 तीर्थयात्रियों को लेकर दो टूरिस्ट बसें गत 29 अक्तूबर को चली थीं, जिनमें से एक के साथ हुआ हादसा बर्दवान/पानागढ़. शनिवार सुबह पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के मुसुंडा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग(एनएच) – 19 पर तेज रफ्तार टूरिस्ट बस बेकाबू होकर सामने एक कंटेनर वैन से टकरा गयी. इस दुर्घटना में टूरिस्ट बस में सवार करीब 20 तीर्थयात्री घायल हो गये. हादसे के बाद स्थानीय लोग बचाव-कार्य में जुट गये. सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची.

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को नजदीकी बर्दवान मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया. बाद में घटना को लेकर पुलिस व स्थानीय लोगों ने बताया कि बांग्लादेश के चटगांव से तीर्थयात्रियों को लेकर टूरिस्ट बस बंगाल होते हुए बिहार के गयाजी जा रही थी, रास्ते में आज सुबह जिले के जमालपुर के पास एनएच-19 पर तेज गति के चलते टूरिस्ट बस से चालक का नियंत्रण खोया और बस सामने एक कंटेनर वैन से जा भिड़ी. इस हादसे से बस में सवार करीब 20 तीर्थयात्री घायल हो गये. सभी घायलों को क्षतिग्रस्त बस से निकाल कर नजदीकी बर्दवान अस्पताल पहुंचाया गया.

हादसे के बाद एनएच-19 पर लगा जाम

इस दुर्घटना के कारण काफी देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग -19 पर अन्य वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध रही. बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से परिस्थिति को नियंत्रित कर आवाजाही सामान्य की गयी. बाद में पुलिस ने बताया कि बांग्लादेश के चटगांव से दो टूरिस्ट बस गत 29 अक्तूबर को बिहार के गयाजी जाने के लिए निकली थीं. कोलकाता होते हुए एक बस आज बिहार के गयाजी जा रही थी, तभी जमालपुर में हादसे का शिकार हो गयी. टूरिस्ट बस में सवार करीब 20 तीर्थयात्री घायल हो गये हैं. मिली जानकारी के मुताबिक दोनों टूरिस्ट बसों में कुल 119 यात्री सवार थे. एक तीर्थयात्री ने बताया कि उनकी बस को कंटेनर वैन ने ठोकर मार दी. सभी घायलों को बर्दवान अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola