ड्राफ्ट वोटर्स लिस्ट में नाम नहीं, महिला की ट्रेन से कट कर मौत

पूर्व बर्दवान जिले के बैकुंठपुर दो पंचायत क्षेत्र में एसआइआर के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं आने से कथित रूप से आतंकित एक महिला वोटर ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली.
बर्दवान/पानागढ़.
पूर्व बर्दवान जिले के बैकुंठपुर दो पंचायत क्षेत्र में एसआइआर के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं आने से कथित रूप से आतंकित एक महिला वोटर ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान फूलमाला पाल (57) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और मामले को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है. रेल पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है.परिवार का आरोप : ड्राफ्ट लिस्ट से नाम गायब होने से बढ़ा डर
परिवार का दावा है कि एसआइआर के बाद जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में पति और बेटे का नाम शामिल था, लेकिन फूलमाला पाल का नाम नहीं आने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थीं. बताया गया है कि सुनवाई के लिए चुनाव आयोग की ओर से नोटिस मिलने के बाद उनकी चिंता और बढ़ गई. परिवार के सदस्यों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उनका डर दूर नहीं हुआ. शुक्रवार देर शाम पति के घर से बाहर जाने के बाद फूलमाला पाल ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. बाद में जीआरपी ने शव बरामद किया.
मंत्री का वार, भाजपा का पलटवार
घटना की सूचना मिलने पर राज्य के मंत्री स्वपन देबनाथ मृतका के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की. उन्होंने इस घटना के लिए सीधे तौर पर चुनाव आयोग और भाजपा को जिम्मेदार बताया. मंत्री ने कहा कि नोटिस मिलने के बाद फूलमाला पाल ने पांच दिनों तक खाना नहीं खाया और डर के माहौल में यह कदम उठा लिया. उन्होंने दावा किया कि इस इलाके में करीब 300 लोगों को इसी तरह के नोटिस मिले हैं और तृणमूल कांग्रेस वोट सुरक्षा शिविर भी आयोजित कर रही है.
वहीं, इन आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा नेता मृत्युंजय चंद्रा ने कहा कि फूलमाला पाल का नाम मसौदा मतदाता-सूची में नहीं था, लेकिन उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम शामिल हैं और उन्हें सुनवाई के लिए बुलाया गया था. भाजपा का दावा है कि पारिवारिक कारणों और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने आत्महत्या की है. भाजपा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस इस घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है.पूरे मामले की जांच में पुलिस और रेल प्रशासन लग गये हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




