ePaper

रघुनाथपुर नगरपालिका में तृणमूल के भीतर गुटबाजी

Updated at : 28 Apr 2025 4:01 AM (IST)
विज्ञापन
रघुनाथपुर नगरपालिका में तृणमूल के भीतर गुटबाजी

रघुनाथपुर नगर पालिका में कुल 13 सीटें हैं, जिनमें 10 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस, दो सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर भाजपा का कब्जा है.

विज्ञापन

पुरुलिया. तृणमूल परिचालित रघुनाथपुर नगरपालिका के अध्यक्ष तरुणी बाउरी के खिलाफ पार्टी के ही छह पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है. इस प्रस्ताव का समर्थन कांग्रेस के एक पार्षद ने भी किया है. रघुनाथपुर नगर पालिका में कुल 13 सीटें हैं, जिनमें 10 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस, दो सीटों पर कांग्रेस और एक सीट पर भाजपा का कब्जा है. ऐसे में तृणमूल के छह और एक कांग्रेस पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव पारित करने से पूरे शहर में राजनीतिक चर्चा तेज हो गयी है. भ्रष्टाचार के आरोप और तृणमूल पार्षदों का विरोध ः तृणमूल के छह पार्षदों, प्रणव देवघरिया, मृत्युंजय प्रमाणिक, मालविका शाई, सुशांत शेखर घोष, जयदेव बागती और आनंद बाउरी ने तरुणी बाउरी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये हैं. उनका कहना है कि तरुणी बाउरी अवैध रूप से टेंडर के बहाने लाखों रुपये कमा रहे हैं और केवल अपने पसंदीदा ठेकेदारों को ही काम दे रहे हैं. इन पार्षदों का आरोप है कि बिना उनकी अनुमति के निर्माण कार्य अवैध रूप से चलाये जा रहे हैं और पूरे नगरपालिका इलाके में सही तरीके से विकास नहीं हो रहा है. उन्होंने इस बारे में जिला अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं को सूचित किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव पारित किया. तरुणी बाउरी का बचाव ः तरुणी बाउरी ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि जिन पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पारित किया है, वे रघुनाथपुर नगर पालिका के विकास में रुचि नहीं रखते. उनका उद्देश्य केवल सरकारी फंड से अपनी जेब भरना है. जब उन्होंने इस भ्रष्टाचार का विरोध किया, तो उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए और अविश्वास प्रस्ताव पारित किया गया. समर्थन में उतरे तृणमूल नेता ः रविवार को, तृणमूल के कई नेता और कार्यकर्ता तरुणी बाउरी के समर्थन में उतरे. इनमें वाइस चेयरमैन सपना चक्रवती, पार्षद जय बागती, पार्षद वृंदा बाउरी, शहर तृणमूल अध्यक्ष विष्णु चरण मेहता और अन्य कार्यकर्ता शामिल थे. उन्होंने पार्टी के जिला अध्यक्ष सोमेन बेलथोरिया से इन विद्रोही पार्षदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया. विष्णु चरण मेहता ने कहा कि तरुणी बाउरी के नेतृत्व में रघुनाथपुर नगरपालिका में लगातार विकास हो रहा है, लेकिन कुछ पार्षद अपनी जेब भरने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं. फिलहाल, रघुनाथपुर नगर पालिका में तृणमूल के अंदर गुटबाजी के कारण माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है. दोनों पक्ष एक-दूसरे को धमकियां दे रहे हैं और इस मुद्दे पर दोनों पक्षों ने रघुनाथपुर थाने में शिकायत भी दर्ज करायी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
GANESH MAHTO

लेखक के बारे में

By GANESH MAHTO

GANESH MAHTO is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola