इस्लामपुर कांड : मृतकों की संख्या हुई दो, तनाव जारी, भाजपा के उत्तर दिनाजपुर बंद के दौरान बसों में तोड़फोड़

Updated at : 22 Sep 2018 3:43 AM (IST)
विज्ञापन
इस्लामपुर कांड : मृतकों की संख्या हुई दो, तनाव जारी,  भाजपा के उत्तर दिनाजपुर बंद के दौरान बसों में तोड़फोड़

इस्लामपुर : उर्दू माध्यम के तीन शिक्षकों की नियुक्ति से भड़के जनाक्रोश के दौरान पुलिस के साथ विद्यार्थियों व स्थानीय लोगों के संघर्ष में घायल हुए एक और युवक की मौत हो गयी. इस तरह इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गयी है. गुरुवार को गोली लगने के बाद इस्लामपुर कॉलेज के […]

विज्ञापन
इस्लामपुर : उर्दू माध्यम के तीन शिक्षकों की नियुक्ति से भड़के जनाक्रोश के दौरान पुलिस के साथ विद्यार्थियों व स्थानीय लोगों के संघर्ष में घायल हुए एक और युवक की मौत हो गयी. इस तरह इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गयी है. गुरुवार को गोली लगने के बाद इस्लामपुर कॉलेज के तृतीय वर्ष के छात्र तापस बर्मन (18) को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सिलीगुड़ी में भर्ती कराया गया था.
शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस मौत की खबर पहुंचते ही उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में तनाव और बढ़ गया. गुरुवार को हुए संघर्ष के सिलसिले में पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. उत्तर दिनाजपुर जिला भाजपा के लोग अपनी पूर्व घोषण के अनुरूप शुक्रवार को बंद कराने उतरे. इस दौरान जिले में कई वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया.
उल्लेखनीय है कि इस्लामपुर ब्लॉक के दाड़ीभीट उच्च विद्यालय में तीन उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति की गयी है. गुरुवार को छात्र और स्थानीय लोग यह कहते हुए इसके खिलाफ उग्र आंदोलन में उतर आये कि इस स्कूल में उर्दू माध्यम के विद्यार्थी नहीं हैं. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों की ओर से ईंट-पत्थर चलाये जाने के बाद पुलिस ने पहले लाठी चलायी, फिर आंसू गैसे के गोले और रबर बुलेट का इस्तेमाल किया. मृत युवक तापस बर्मन के मां-बाप का आरोप है कि उनके बेटे पर कुछ नकाबपोश लोगों ने गोली चलायी.
इलाके में साइलेंसर लगी पिस्तौल गोली चलाये जाने की भी चर्चा है. गुरुवार की घटना में राजेश सरकार (27) नामक युवक की मौत हुई थी और चार पुलिसकर्मियों समेत 10 लोग घायल हुए थे. घायलों में से एक तापस बर्मन ने शुक्रवार को दम तोड़ा. इसे लेकर पूरे दिन इस्लामपुर में तनाव बना रहा. भाजपा के उत्तर दिनाजपुर जिला बंद के दौरान इस्लामपुर और रायगंज में तोड़फोड़ की खबरें मिली हैं. इस्लामपुर में एक प्राइवेट बस को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. वहीं रायगंज में एनबीएसटीसी की एक बस में तोड़फोड़ की गयी. बंद समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. इस दौरान 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया.
इस्लामपुर की घटना के विरोध में शुक्रवार को रायगंज में एसएफआइ ने विरोध रैली निकाली. सीपीएम के इस छात्र संगठन ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की. रैली शुरू होते ही राजगंज सुपरमार्केट इलाके में मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश को पुलिस ने विफल कर दिया. इससे दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया. घटनास्थल पर विशाल पुलिस बल पहुंचा. बाद में पुतला जलाने का कार्यक्रम रद्द करके धिक्कार रैली निकाली गयी. रायगंज सुपर मार्केट से रैली शुरू होकर घड़ीमोड़ पर खत्म हुई.
पांच वामपंथी संगठनों ने आज बुलाया बंद
इस्लामपुर की घटना के प्रतिवाद में पांच वामपंथी छात्र व युवा संगठनों ने शनिवार को पूरे बंगाल में बंद का आह्वान किया है. राज्य सरकार भी इस घटना के बाद से मामले को संभालने में जुट गयी है. शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए गुरुवार को ही उत्तर दिनाजपुर के डीआइ रवीन्द्र मंडल को निलंबित कर दिया है. पार्थ चटर्जी का कहना है कि शिक्षा विभाग को पूरी तरह से अंधेरे में रखकर शिक्षकों की नियुक्ति की गयी थी. इस तरह के किसी भी कदम को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे आरएसएस का हाथ है. इधर, भाजपा के उत्तर दिनाजपुर जिलाध्यक्ष शंकर चक्रवर्ती ने कहा है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अगर कड़ी कार्रवाई नहीं होती है, तो भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा.
रात में पोस्टमार्टम करने पर उठे सवाल
गुरुवार की घटना में मृत युवक राजेश सरकार के इस्लामपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर विवाद छिड़ गया है. उसके परिवार का दावा है कि अस्पताल से बताया गया था कि शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया जायेगा, लेकिन सुबह अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि पोस्टमार्टम हो चुका है, शव ले लें. इस पर राजेश के परिवार का आरोप है कि पुलिस की गोली से मौत की बात को दबाने के लिए रात में ही शव का पोस्टमार्टम कर दिया गया. भाजपा की ओर से परिवारवालों के साथ शव को लेकर घटना के खिलाफ शहर में विरोध प्रदर्शन किया गया.
बाहरी लोगों की गोली से हुईं मौतें : एसपी
शुक्रवार को उत्तर दिनाजपुर जिले के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने इस्लामपुर में पत्रकार सम्मलेन करके कहा कि छात्रों व युवाओं पर पुलिस ने गोली नहीं चलायी है. बाहरी लोगों की गोली से उनकी मौत हुई है. उन्होंने बताया कि गुरुवार की घटना में बाहरी लोग हाथों में लाठी व आग्नेयास्त्र लेकर पहुंचे थे. पुलिस पर लोगों ने ईंट-पत्थर बरसाये. पुलिस ने परिस्थिति को नियंत्रित करना चाहा तो उपद्रवियों ने गोली चलायी, जिसमें युवाओं की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि गुरुवार की घटना में 14 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. एक कांस्टेबल की स्थिति गंभीर है. पुलिस की तीन गाड़ियों को भी आग लगा दी गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola