भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिये नाका चेकिंग की नौटंकी

Updated at : 28 Jun 2018 1:35 AM (IST)
विज्ञापन
भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिये नाका चेकिंग की नौटंकी

आद्रा/नितुड़िया : पुरूलिया जिला भाजपा अध्यक्ष विद्यासागर चक्रवर्ती ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा को असफल करने के लिये जिले में जगह-जगह नाका चेकिंग की नौटंकी की जा रही है. पुलिस कह रही है कि नाकाबंदी श्री शाह की सुरक्षा के मद्देनजर की […]

विज्ञापन
आद्रा/नितुड़िया : पुरूलिया जिला भाजपा अध्यक्ष विद्यासागर चक्रवर्ती ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा को असफल करने के लिये जिले में जगह-जगह नाका चेकिंग की नौटंकी की जा रही है. पुलिस कह रही है कि नाकाबंदी श्री शाह की सुरक्षा के मद्देनजर की गयी है लेकिन वास्तव में भाजपा समर्थकों को सभा में आने से रोकने के लिये यह हथकंडा अपनाया जा रहा है.
पुलिस तृणमूल के इशारे पर ही यह कर रही है. अमित शाह की सभा में पुरुलिया के अलावा बांकुड़ा, मेदिनीपुर, आसनसोल तथा झारखंड से हजारों की तादाद में भाजपा कार्यकर्ता सभा में शामिल होने आयेंगे. इसलिए राज्य सरकार के निर्देश पर पुलिस आने वाले लोगों को रोकने के लिए नाका चेकिंग का नाटक कर रही है.
पुलिस नाकेबंदी के नाम पर कार्यकर्ताओं को सभास्थल तक नहीं पहुंचने देने के लिये साजिश कर रही है. एक जुलाई को इसी मैदान में तृणमूल ने जनसभा आयोजित की है. वह दिखाना चाहती है कि उसकी सभा में लोगों की उपस्थिति ज्यादा होगी. भाजपा की सभा को रोकने के लिए और इसे बदनाम करने के लिये पुलिस प्रशासन को साथ लेकर तृणमूल साजिश कर रही है. लेकिन ऐसा हरगिज नहीं होगा. श्री शाह की सभा में रिकार्ड भीड़ जुटेगी. प्रत्येक बूथ से वैसे ही 100-100 समर्थक आयेंगे.
पुलिस आज तृणमूल कांग्रेस का संविधान मान रही है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशों का अनुपालन कर रही है. यदि पुलिस प्रशासन ने उन्हें आने से रोका तो परिणाम भुगतना होगा. हमलोग शांति और अमन के साथ सभा को करना चाहते हैं. लेकिन प्रशासन और तृणमूल इसमें बाधा डाल रही है. भाजपा इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. जिला पुलिस अधीक्षक आकाश मघारिया ने कहा कि सूचना मिली है कि झारखंड से कुछ आपराधिक तत्व जिले में प्रवेश कर रहे हैं.
इस कारण सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी किया गया है ताकि कोई भी अपराधी पुरूलिया प्रवेश ना कर सके और न ही यहां कोई हमला कर सके. जिला प्रशासन अतीत के पन्नों से यह सीख ली है कि निकटवर्ती झारखंड से असामाजिक तत्व पुरुलिया के सीमावर्ती इलाकों में अपराध कर बड़ी आसानी से झारखंड भाग जाते हैं. पुनः इस तरह की वारदातों की पुनरावृत्ति ना हो इसे लेकर जिला प्रशासन चौकस हो चुका है. इस चौकसी को अंजाम देने के लिए जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिले के सभी महत्वपूर्ण सीमांओं पर नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. बलरामपुर , संथालडीह से शुरू कर नितुरिया थाना क्षेत्र में पंचेत डैम के पास नाका चेकिंग किया जा रहा है.
नितुरिया में थाना प्रभारी के नेतृत्व में नाका चेकिंग: नाका चेकिंग में नितुरिया थाना प्रभारी पंकज सिंह ने स्वयं भाग लिया. इसके तहत किसी दूसरे राज्य से आ रहे वाहनों की तलाशी की जा रही है. झारखंड की ओर से आ रहे किसी संदेहजनक व्यक्ति को उससे उसका परिचय पत्र मांगा जा रहा है. वह पुरुलिया क्यों आया है, इसके बारे में भी पूछा जा रहा है. सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पूरे जिला अंतर्गत सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जा रहे हैं. पुलिस अधिकारी पूरी तरह से सचेष्ट हैं कि किसी भी तरह से जिला अंतर्गत कोई अपराधमूलक घटना न हो.
दूसरी तरफ भाजपा केंद्रीय कमिटी के अध्यक्ष अमित शाह के पुरुलिया दौरे पर आने को लेकर पुलिस को आशंका है कि अमित शाह के पुरुलिया दौरे से जिले में अशांति फैल सकती है. इसलिए प्रत्येक थाने को अतिरिक्त सक्रियता का निर्देश जिला प्रशासन की ओर से दिया गया है.
प्रशासन पूरे दायित्व के साथ कर रहा अपना कार्य: तृणमूल के जिला सभापति शांति राम महतो ने बताया कि प्रशासन अपना कार्य कर रहा है. इसमें हमलोगों को कुछ कहना नहीं है और एक जुलाई को सिमुलिया के कालीतला फुटबॉल मैदान में सभा आयोजित होगी. इसके लिये तैयारी की जा रही है. इन दिनों अमित शाह की सभा को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है.
दोपहर 1:10 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह उतरेंगे हेलीकॉप्टर से सैनिक स्कूल मैदान में
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गुरूवार दोपहर 1:10 बजे सैनिक स्कूल मैदान पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे. इसके बाद वह सड़क मार्ग से पुरूलिया मुफसिल थाना अंतर्गत लागदा उच्च विद्यालय के कम्युनिटी हॉल में बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद वह सड़क मार्ग से सभास्थल पहुंचेंगे. एक घंटे तक सभा को संबोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर से दुर्गापुर के लिए रवाना हो जायेंगे. सभा को लेकर भाजपा ने तैयारी पूरी कर ली है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola