दुर्गापुर स्टेशन से 71 लाख के साथ एक गिरफ्तार

Updated at : 17 May 2019 1:40 AM (IST)
विज्ञापन
दुर्गापुर स्टेशन से 71 लाख के साथ एक गिरफ्तार

आरोपी ने खुद को बताया वाराणसी निवासी, जा रहा था बड़ाबाजार राशि को बताया व्यावसायिक, लेकिन पूछताछ में नहीं दे सका साक्ष्य प्रथम दृष्टया अधिकारी उसे मान रहे कुरियर, कोर्ट में पेशी होगी आज दुर्गापुर : आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत दुर्गापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार से गुरुवार को जीआरपी ने बनारस निवासी सुरेश प्रसाद […]

विज्ञापन

आरोपी ने खुद को बताया वाराणसी निवासी, जा रहा था बड़ाबाजार

राशि को बताया व्यावसायिक, लेकिन पूछताछ में नहीं दे सका साक्ष्य
प्रथम दृष्टया अधिकारी उसे मान रहे कुरियर, कोर्ट में पेशी होगी आज
दुर्गापुर : आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत दुर्गापुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार से गुरुवार को जीआरपी ने बनारस निवासी सुरेश प्रसाद बर्मन को 71 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया. पूरी राशि पांच सौ और दो हजार रुपये के नोट की शक्ल में है. उसने स्वीकार किया कि वह बनारस से यह राशि लेकर कोलकाता के बड़ाबाजार जा रहा था. एसआरपी नीलाद्री चक्रवर्ती, आरपीएफ के वरीय अधिकारियों, पुलिस कमीश्नरेट के अधिकारी तथा आयकर अधिकारियों ने उससे पूछताछ की है. प्रारंभिक जांच से लगता है कि वह कूरियर है. उसके बयानों में कई विसंगतियां दिख रही हैं.
दुर्गापुर जीआरपी के थानेदार प्रीतम दास ने बताया कि गुरुवार की दोपहर डेढ़ बजे प्लेटफॉर्म संख्या चार पर उसे संदिग्ध स्थिति में देख ड्यूटी में तैनात जीआरपी जवानों को संदेह हुआ. उसके पास एक बैग था. पूछताछ के लिए वे उसे लेकर जीआरपी थाना ले गये. बैग की जांच करने पर उसमें से 71 लाख रुपये निकले. सभी पांच सौ और दो हजार रुपये के नोट थे.
पूछताछ में उसने बताया कि वह वाराणसी के लंका थाना अंतर्गत इलाके का निवासी है. वह व्यवसायिक कारणों से यह राशि लेकर कोलकाता के बड़ाबाजार जा रहा था. वह न तो कोई टिकट दिखा सका और न व्यवसाय से संबंधित कोई कागजात. उसे गिरफ्तार कर इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गयी.
अधिकारियों की पूछताछ में उसने कहा कि वह कोलकाता जा रहा था. लेकिन पकड़े जाने के भय से ब्रेक जर्नी कर रहा था. वह वाराणसी से धनबाद पहुंचा. धनबाद से दुर्गापुर और अब दुर्गापुर से कोलकाता जाना था. उसने कहा कि उसे बड़ाबाजार में यह राशि सौंपनी है. लेकिन उसके पास इस प्रश्न का कोई जवाब नहीं था कि वह इतनी बड़ी राशि को लेकर रिजर्व टिकट के साथ जर्नी क्यों नहीं कर रहा था? उसके पास यात्रा के कोई टिकट क्यों नहीं है?
मजे की बात यह है कि जब उससे पूछा गया कि बैग में कितने रुपये हैं तो उसने अधिक राशि बतायी. लेकिन गिनती में कुल 71 लाख निकले. राशि कम होने के कारण भी वह नहीं बता सका. अधिकारियों को लग रहा है कि उसके बयान में काफी विसंगतियां हैं. वह कूरियर भी हो सकता है. उससे पूछताछ की जा रही है. उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जायेगा. आयकर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वह इस राशि से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका. अभी मामला जीआरपी के पास है. उसकी जांच पूरी होने के बाद विभागीय स्तर पर जांच होगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola