सारधा के दोषियों को बख्शेंगे नहीं
ममता पर मोदी का तीखा हमला, कहा- बंगाल के सीएम को हिंदीभाषी पराये लगते हैं 16 मई के बाद एनडीए की सरकार बनने पर बांग्लादेशियों को वापस भेजेंगे कोलकाता : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने रविवार को सारधा चिटफंड घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया और उन […]
ममता पर मोदी का तीखा हमला, कहा- बंगाल के सीएम को हिंदीभाषी पराये लगते हैं
16 मई के बाद एनडीए की सरकार बनने पर बांग्लादेशियों को वापस भेजेंगे
कोलकाता : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने रविवार को सारधा चिटफंड घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया और उन पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया. मोदी ने दावा किया कि एनडीए की सरकार बनने पर घोटाले के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा. इस संबंध में सख्त कार्रवाई की जायेगी. वह हुगली जिले के श्रीरामपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में बोल रहे थे.
सारधा पर ममता को घेरा
मोदी ने कहा कि ममता दीदी को बंगाल के लोगों ने काफी आशा भरी नजरों से देखा था. लेकिन उन्होंने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. मोदी ने कहा, ‘सारदा सरस्वती का दूसरा नाम है, उनकी हर जगह पूजा होती है और यह सारधा एक चिटफंड में बदल गयी? ममता जी, हमें आपसे यह उम्मीद नहीं थी.’ गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘निजी रूप से, मैंने हमेशा आपका (ममता) सम्मान किया. लेकिन आपने क्या किया, आपने बंगाल के लोगों के सपने तोड़ दिये.’
मोदी ने कहा, ‘कुरसी के लिए बहुत लालसा है? बंगाल की जनता ने आपसे बहुत उम्मीदें की थीं और आपको बहुत प्यार दिया और आप राज्य के लिए बहुत कुछ कर सकती थीं लेकिन आप वहीं कर रही हैं जो वामदलों ने किया था.’ उन्होंने कहा, ‘आप उनके पदचिन्हों पर ही चल रही हैं. आपने वामदलों और कांग्रेस दोनों की बुरी चीजें आत्मसात कर लीं.’
मोदी ने कहा कि ममता गलत रास्ते पर भटक गयी हैं. वक्त बदल गया है. पुलिस के सहारे सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कराये जा रहे हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल में तृणमूल, वाममोरचा और कांग्रेस मिल गये हैं.
बांग्लादेशियों को चेतावनी
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी ने चेतावनी दी कि एनडीए के सत्ता में आने पर बांग्लादेशियों को वापस भेजा जायेगा. मोदी ने कहा, ‘मैं यहां से चेतावनी देना चाहता हूं, भाइयो और बहनो, आप लिख लीजिए, कि (हम) 16 मई के बाद इन बांग्लादेशियों को उनके बोरिया बिस्तर के साथ सीमापार भेजेंगे.’ उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी वोटबैंक की राजनीति कर रही हैं. उन्होंने इस मिश्रित आबादी वाले निर्वाचन क्षेत्र में ममता पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आप वोटबैंक की राजनीति के लिए बांग्लादेशियों के लिए पलक पांवड़े बिछा रही हैं. ’ इस संसदीय क्षेत्र में बहुत बड़ी संख्या में हिंदी भाषी हैं जो यहां के जूट मिलों में मजदूरी करते हैं.
मोदी ने कहा, ‘यदि बिहार से लोग आते हैं तो वे आपको बाहरी लगते हैं, यदि ओड़िशा से लोग आते हैं तो वे आपको बाहरी लगते हैं. यदि मारवाड़ी आते हैं तो आप उदास हो जाते हैं लेकिन यदि बांग्लादेशी आते हैं तो आपके चेहरे चमक जाते हैं.’ उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी वोटबैंक की राजनीति के लिए देश के लोगों का अपमान कर रही हैं. उन्होंने कहा, ‘35 साल में वामदलों ने जितना नुकसान पहुंचाया, आपने उससे भी ज्यादा नुकसान 35 महीने में किया.’
प्रधानमंत्री पर निशाना
कोई मोदी लहर नहीं होने के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान पर नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब मनमोहन को 10 साल के शासनकाल में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार नहीं दिखायी दिया तो वह मोदी लहर कैसे देख पायेंगे. मोदी ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री से एक सवाल पूछना चाहता हूं. दस साल में उन्हें महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार नजर नहीं आया तो ये लहर कहां से नजर आयेगी.’ प्रधानमंत्री ने 24 अप्रैल को असम के दिसपुर में एक रैली में कहा था कि उन्हें कोई मोदी लहर नहीं दिखायी दे रही और यह मीडिया ने बनायी है. मोदी ने परोक्ष रूप से सोनिया गांधी और राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘आपको खुद से कुछ दिखाई नहीं देता. आप मां और बेटी की आंखों के जरिये देखते हो. तो आपको मोदी लहर कैसे दिखायी देगी.
राहुल गांधी पर हमला
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा, ‘जब चुनाव आते हैं तो वे गरीबों के बारे में बात करना शुरू कर देते हैं. राहुल गरीबों के यहां जाते हैं. यह उनके लिए पर्यटन है.’ मोदी ने आरोप लगाया, ‘वह यह नहीं जानते कि वास्तव में गरीबी क्या होती है. वह गरीबों के साथ तसवीरें खिंचाने के लिए मीडिया को ले जाते हैं.’ उन्होंने कहा, ‘राहुल भैया, आपके लिए गरीब सिर्फ वोट पाने का हथियार हैं.’ मोदी ने कहा, ‘आपके लिए भारत मात्र भूमि है, हमारे लिए मातृभूमि है. आपको क्या पता गरीबी क्या होती है. मैं जानता हूं. मैं गरीबी में पैदा हुआ और पला-बढ़ा हूं. मैंने ट्रेन के डिब्बों में चाय बेची है.’ मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने आज कहा कि वह तीसरे मोरचे को समर्थन देने के लिए तैयार है तो वे चुनाव क्यों लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘पहली बार दिल्ली की सत्ता में बैठी पार्टी जीतने के लिए चुनाव नहीं लड़ रही.’ भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा, ‘वे मोदी से इतने डरे हुए क्यों हैं.’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










