18 साल का इंतजार खत्म! अब UP में घर का सपना होगा सच, LDA की 'प्रबंध नगर' योजना को हरी झंडी, जानिए क्या है नया मास्टरप्लान?
UP में घर का सपना होगा सच
UP News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की बोर्ड बैठक में आईआईएम रोड स्थित प्रबंध नगर योजना को मंजूरी मिल गई है. करीब 1800 एकड़ में विकसित होने वाली इस योजना से करीब दो लाख लोगों को आवास और भूखंड मिलने की उम्मीद है. यह योजना किसानों के मुआवजे को लेकर समिति गठन और पर्यावरण न्यायालय की आपत्तियों के निस्तारण के बाद आगे बढ़ेगी.
UP News: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की बोर्ड बैठक में आईआईएम रोड स्थित प्रबंध नगर योजना को आगे बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है. करीब 1800 एकड़ में विकसित होने वाली इस योजना के पूरा होने पर लगभग दो लाख लोगों को आवास और भूखंड मिलने की उम्मीद है. यह योजना वर्ष 2008 से लंबित थी और भूमि अधिग्रहण, मुआवजे तथा किसानों से जुड़े कानूनी विवादों के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही थी.
किसानों के मुआवजे के लिए बनेगी समिति
मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि प्रबंध नगर योजना को धरातल पर उतारने के लिए किसानों के मुआवजे को लेकर समिति गठित की जाएगी. प्रभावित किसानों के मुआवजे को बाजार दर के अनुसार संशोधित किया जाएगा. वहीं, योजना को आगे बढ़ाने से पहले पर्यावरण न्यायालय की आपत्तियों का भी निस्तारण किया जाएगा. योजना आईआईएम रोड और हरदोई-सीतापुर बाईपास के पास बैला, अल्लू नगर और मुत्तकीपुर के आसपास विकसित की जानी है.
आवासीय और व्यावसायिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
प्रबंध नगर योजना में आधुनिक आवासीय ब्लॉक, वाणिज्यिक क्षेत्र और हरित गलियारे विकसित करने का प्रस्ताव है. एलडीए के मुताबिक, योजना के मूर्त रूप लेने से शहर के इस हिस्से में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलेगी. एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने कहा कि प्राधिकरण का फोकस आवास, रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर है. योजना से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है.
नैमिष नगर और वरुण विहार में 4000 प्लॉट
राजधानी में आवास की मांग को देखते हुए LDA ने नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के पहले चरण में 4000 प्लॉट का पंजीकरण खोलने का फैसला किया है. वरुण विहार में जमीन की दर 28,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर और नैमिष नगर में 32,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है. पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. दोनों योजनाओं में पार्क, सड़क, सीवर और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है.
बसंत कुंज में आधुनिक बस अड्डा, आगरा एक्सप्रेसवे पर वशिष्ठनगर
बसंत कुंज योजना के सेक्टर-बी में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के लिए UPSRTC को जमीन देने का फैसला हुआ है. सरदार पटेल औद्योगिक योजना के तहत MSME विभाग को 50 एकड़ जमीन आवंटित की गई है, जहां आईटीआई और अन्य तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान खोले जाएंगे. इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे वशिष्ठनगर योजना को भी मंजूरी दी गई है. न्यू हैदराबाद के बीरबल साहनी मार्ग पर अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली है. बोर्ड से पास सभी प्रस्ताव अब शासन को भेजे जाएंगे और अंतिम अनुमति मिलने के बाद इन पर काम शुरू होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By खुशबू कुमारी
खुशबू कुमारी पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज, से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया है तथा वर्तमान में इग्नू से मास्टर ऑफ आर्ट्स (मास कम्युनिकेशन एंड डिजिटल मीडिया) की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें जनहित से जुड़ी खबरों, डिजिटल पत्रकारिता, समाचार लेखन, फोटोग्राफी, वीडियो एडिटिंग और ग्राफिक डिजाइन में विशेष रुचि है. वे राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक, तथ्यपरक और पाठकों के लिए उपयोगी डिजिटल कंटेंट तैयार करती हैं. उनका उद्देश्य पाठकों तक विश्वसनीय, स्पष्ट और प्रभावी जानकारी पहुंचाना है, ताकि समाचार केवल सूचना का माध्यम न होकर समाज के लिए उपयोगी साबित हों.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








