इश्क का चढ़ा ऐसा जुनून, शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, घरवालों ने रस्सी से बांधकर पैरों के तलवों पर बरसाये डंडे
लाठी-डंडों से प्रेमी की पिटाई
कानपुर देहात के डेरापुर में प्रेम प्रसंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया. युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
UP News : कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. खिरवां डेरा गांव में शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को उसके परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया. इसके बाद युवक और महिला की घर के आंगन में जमकर पिटाई की गयी. युवक को रस्सी से बांधकर उसके पैरों के तलवों पर डंडे बरसाये गये. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है.
शादीशुदा महिला से मिलने पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, महिला का करीब छह साल पहले प्रेम विवाह हुआ था. बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो महीनों से उसकी नजदीकी एक अन्य युवक से बढ़ गयी थी. शुक्रवार दोपहर युवक महिला से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान आसपास के लोगों को इसकी भनक लग गयी. ग्रामीणों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और खेतों में काम कर रहे महिला के परिजनों को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को घर के अंदर पकड़ लिया.
रस्सी से बांधकर पैरों के तलवों पर बरसाये डंडे
युवक के पकड़े जाने के बाद परिजन अपना आपा खो बैठे. घर के आंगन में ही दोनों की पिटाई शुरू कर दी गयी. युवक को रस्सी से बांधकर जमीन पर लिटा दिया गया और उसके पैरों के तलवों पर डंडों से बेरहमी से मारपीट की गयी. युवक खुद को छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी. वहीं, प्रेमी को बचाने के लिए आगे आयी महिला के साथ भी मारपीट की गयी.
पड़ोसी ने बनाया मारपीट का वीडियो
पूरी घटना को पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और कानून हाथ में लेकर युवक की पिटाई किये जाने को लेकर सवाल उठने लगे.
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आयी पुलिस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डेरापुर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. पुलिस के अनुसार, 112 पीआरवी युवक को हिरासत में लेकर थाने आयी थी. इसके बाद उसका शांति भंग की धारा में चालान कर छोड़ दिया गया.
दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी
डेरापुर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. वीडियो में मारपीट करने वाले लोगों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : सात महीने में ही धंस गया 64 करोड़ का ओवरब्रिज! मरम्मत के साथ अब जांच भी शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










