कॉकरोच कॉस्ट्यूम में प्रदर्शन पड़ा भारी, फायरमैन जितेंद्र राठौर की नौकरी गई

कॉकरोच कॉस्ट्यूम में फायरमैन जितेंद्र राठौर
UP News: कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन करने वाले अग्निशमन विभाग के फायरमैन जितेंद्र राठौर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. विभाग ने अनुशासनहीनता और नोटिस का जवाब न देने को इसका कारण बताया है.
UP News: कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर आगरा, लखनऊ और दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने वाले अग्निशमन विभाग के फायरमैन जितेंद्र राठौर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. विभाग ने अनुशासनहीनता और कारण बताओ नोटिस का निर्धारित समय में जवाब नहीं देने को आधार बनाते हुए यह कार्रवाई की. इस संबंध में डीसीपी मुख्यालय अतुल शर्मा ने बर्खास्तगी का आदेश जारी किया.
नोटिस का जवाब नहीं देने पर हुई कार्रवाई
विभाग की ओर से जितेंद्र राठौर को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया था. अधिकारियों के मुताबिक तय समय सीमा बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद विभाग ने अंतिम कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया. बर्खास्तगी के बाद अब वह अग्निशमन विभाग की वर्दी नहीं पहन सकेंगे. यदि वर्दी में पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी हो चुके थे निलंबित
फिरोजाबाद निवासी जितेंद्र राठौर आगरा के संजय प्लेस फायर स्टेशन पर तैनात थे. उन्होंने गणित विषय में नेट (NET) परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) में पीएचडी में प्रवेश लिया था. विभाग के अनुसार, छात्र-छात्राओं के व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक संदेश भेजने की शिकायत के बाद उन्हें संस्थान से निष्कासित कर दिया गया था. इसके बाद उन्होंने विभाग में नियमित रूप से कार्यभार ग्रहण नहीं किया और पढ़ाई के नाम पर लगातार अवकाश लेते रहे. शिकायतों के आधार पर उन्हें पहले निलंबित किया गया और बाद में सोनभद्र स्थानांतरित किया गया, लेकिन वहां भी उन्होंने कार्यभार नहीं संभाला.
कॉकरोच की वेशभूषा में किया था प्रदर्शन
निलंबन के दौरान जितेंद्र राठौर ने आगरा दीवानी परिसर, दिल्ली और लखनऊ में कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन किया था. लखनऊ में आग लगने की एक घटना के बाद उन्होंने अग्निशमन विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और वरिष्ठ अधिकारियों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसके बाद विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की.
एसटीएफ भी कर रही है जांच
विभागीय कार्रवाई के अलावा जितेंद्र राठौर से जुड़ी कुछ शिकायतों की जांच एसटीएफ भी कर रही है. आरोप है कि उन्होंने एक युवती के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की और उसके परिवार को धमकी दी. इस मामले में एसटीएफ की आगरा यूनिट जांच कर रही है. हालांकि, जांच अभी जारी है.
डीसीपी ने क्या कहा
डीसीपी मुख्यालय अतुल शर्मा ने बताया कि लगातार अनुशासनहीनता, विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों और कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने के चलते जितेंद्र राठौर को सेवा से बर्खास्त किया गया है. उन्होंने कहा कि बर्खास्तगी के बाद यदि वह अग्निशमन विभाग या पुलिस की वर्दी पहनते पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी.
-कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट
Read Also- उन्नाव सड़क हादसा बस से उतरते हुए यात्री कुचले गए, 3 की मौत.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










