अलीगढ़ - बदायूं में नकली पनीर-घी का खेल उजागर, कई डेयरियों पर छापेमारी, FIR दर्ज

मिलावटी कारोबार का भंडाफोड़
UP News: अलीगढ़ और बदायूं में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली डेयरी कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. मिलावटी पनीर और देसी घी बनाने की फैक्ट्रियों का खुलासा हुआ है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा था. इस मामले में FIR दर्ज की गई है.
UP News: लोग जिस पनीर और देसी घी को शुद्ध समझकर खरीद रहे थे, वह असल में मिलावट का सामान निकला. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और बदायूं में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की कार्रवाई में नकली डेयरी कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. छापेमारी के दौरान नकली पनीर और देसी घी का मामला सामने आया है,टीम ने मौके से कई संदिग्ध सामग्री और उपकरण बरामद किए. दोनों जिलों से कुल 30 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं, जबकि बड़ी मात्रा में मिलावटी सामान नष्ट कराया गया. आरोपियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है.
अलीगढ़ में नकली पनीर बनाने का खुलासा
अलीगढ़ के चंडौस क्षेत्र के सुदेशपुर और शहजपुरा गांव में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई डेयरियों पर छापा मारा. जांच के दौरान टीम को पनीर बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध कच्चा माल, तेल, स्किम्ड मिल्क पाउडर, रसायन और अन्य सामग्री मिली. अधिकारियों का कहना है कि इन्हीं चीजों से मिलावटी पनीर तैयार कर अलीगढ़ के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर तक सप्लाई किया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान करीब चार क्विंटल मिलावटी पनीर और लगभग 2500 लीटर दूध नष्ट कराया गया. टीम ने कुल 22 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं. एक डेयरी संचालक और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. एक आरोपी के बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए.
बदायूं में नकली देसी घी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई
बदायूं के सहसवान क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक डेयरी पर छापा मारकर नकली देसी घी बनाने का खुलासा किया. जांच में रिफाइंड, पामोलिन ऑयल, दूध, क्रीम, चीनी, डिटर्जेंट और घी बनाने के उपकरण मिले. अधिकारियों के अनुसार इन चीजों की मदद से देसी घी तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था. टीम ने दूध, घी और अन्य खाद्य पदार्थों के आठ सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं. डेयरी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि यह मिलावटी घी किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाता था.
रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
दोनों मामलों में लिए गए सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई करेगा. अधिकारियों ने कहा है कि मिलावटी खाद्य पदार्थ बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
- खुशबू कुमारी की रिपोर्ट
Also Read: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपी अविनाश ने कबूला, दोस्तों और परिजनों पर उड़ाए 19 लाख रुपये
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










