UP Cabinet में युवाओं के लिए अहम फैसला , 25 लाख टैबलेट का प्रस्ताव, MBBS-BDS इंटर्न का भी बढ़ा भत्ता
युवाओं और मेडिकल इंटर्न को बड़ा तोहफा
UP News: उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने युवाओं के लिए 25 लाख टैबलेट निशुल्क देने की योजना को मंजूरी दी है. साथ ही, एमबीबीएस इंटर्न्स का मासिक भत्ता 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है.
UP News: उत्तर प्रदेश के युवाओं और मेडिकल इंटर्न्स के लिए योगी सरकार की कैबिनेट बैठक से दो बड़ी खबरें सामने आई हैं. सरकार ने 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. ये टैबलेट पात्र युवाओं को निशुल्क दिए जाएंगे. वहीं एमबीबीएस इंटर्न्स का मासिक भत्ता 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है. सरकार के इन फैसलों से एक तरफ युवाओं को पढ़ाई और कौशल प्रशिक्षण के लिए डिजिटल मदद मिलेगी, तो दूसरी ओर मेडिकल इंटर्न्स को आर्थिक राहत मिलेगी.
25 लाख टैबलेट की खरीद को कैबिनेट की मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. टेंडर प्रक्रिया में चयनित संस्थाओं को क्रय आदेश जारी करने की भी अनुमति दी गई है. सरकार के मुताबिक इन टैबलेट को पात्र युवाओं को मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें डिजिटल संसाधनों से जोड़ा जा सके.
पांच साल के लिए लागू है युवा सशक्तीकरण योजना
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना को पांच वर्ष के लिए लागू किया गया है. इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को तकनीक के साथ जोड़कर उन्हें शिक्षा और रोजगार के लिहाज से ज्यादा सक्षम बनाना है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है. खास बात यह है कि इस योजना के कारण केंद्र सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा.
किन युवाओं को मिलेगा मुफ्त टैबलेट?
योजना के तहत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, कौशल विकास और अन्य शिक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पढ़ने वाले पात्र युवाओं को निशुल्क टैबलेट दिए जाएंगे. इससे विद्यार्थियों को अपने पाठ्यक्रम की पढ़ाई डिजिटल माध्यम से करने और तकनीक आधारित अध्ययन की सुविधाओं का फायदा उठाने में मदद मिलेगी.
पढ़ाई के साथ रोजगार और स्वरोजगार में भी मदद
टैबलेट मिलने के बाद युवाओं के लिए सरकारी और गैर-सरकारी योजनाओं, ऑनलाइन प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी. सरकार का फोकस केवल युवाओं को टैबलेट देने तक सीमित नहीं है. इसके जरिए उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने की कोशिश की जा रही है.
MBBS इंटर्न्स का भत्ता 12 हजार से बढ़कर 25 हजार
कैबिनेट ने एमबीबीएस इंटर्न्स के लिए भी बड़ा फैसला लिया है. अब उनका मासिक भत्ता 12 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है. इस फैसले से एमबीबीएस इंटर्न्स को हर महीने पहले के मुकाबले 13 हजार रुपये अधिक मिलेंगे.
कौशल प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को भी फायदा
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि कैबिनेट के इस फैसले से उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, कौशल विकास प्रशिक्षण और आईटीआई से जुड़े पंजीकृत कुशल युवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी. डिजिटल संसाधनों तक आसान पहुंच से प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होने और युवाओं की रोजगारपरक दक्षता बढ़ने की उम्मीद है.
सरकार का फोकस डिजिटल शिक्षा और रोजगार पर
सरकार के मुताबिक तकनीकी रूप से सक्षम युवा आने वाले समय में रोजगार सृजन और सेवा क्षेत्र में अहम भूमिका निभा सकते हैं. ऐसे में 25 लाख टैबलेट की खरीद और मेडिकल इंटर्न्स के भत्ते में बढ़ोतरी को युवाओं और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े वर्ग के लिए महत्वपूर्ण फैसले के तौर पर देखा जा रहा है.
Also Read: यूपी कैबिनेट में 24 फैसलों पर मुहर: 60+ महिलाओं का बस सफर मुफ्त, जानें सरकार के अहम निर्णय
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए